सिवनी जिले के धूमा थाना क्षेत्र के एक जंगल में रविवार की दोपहर एक 65 वर्षीय वृद्ध का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। मृतक की पहचान कनछेदी लाल श्रीवास के रूप में हुई है, जो पिछले दो दिनों से लापता थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर कुछ ग्रामीण जंगल से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर पेड़ से लटके एक व्यक्ति पर पड़ी। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना धूमा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कनछेदी लाल श्रीवास शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे अपने घर से साइकिल लेकर निकले थे। देर रात तक वापस न लौटने पर परिजनों ने धूमा थाने में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस की प्रारंभिक आशंका है कि यह आत्महत्या का मामला हो सकता है। हालांकि, वृद्ध ने यह कदम क्यों उठाया, इसके पीछे के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। मौत के कारणों की पता लगाएंगे धूमा थाना प्रभारी डोमन सिंह मारवी ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। फिलहाल मर्ग कायम कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।
Source link