व्हीकल फैक्ट्री कर्मचारी ने ऑफिस में की आत्महत्या: सुसाइड नोट में लिखा- काम के दबाव का था तनाव – Jabalpur News

व्हीकल फैक्ट्री कर्मचारी ने ऑफिस में की आत्महत्या:  सुसाइड नोट में लिखा- काम के दबाव का था तनाव – Jabalpur News




जबलपुर की व्हीकल फैक्ट्री में रविवार शाम एक कर्मचारी ने अपने कार्यालय में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच पुलिस को मिली, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला। मृतक की पहचान सैमसन मार्टिन के रूप में हुई है। वह मूलतः सतनामपुर का निवासी था और वर्तमान में कंचनपुर में रह रहा था। सैमसन फैक्ट्री में लंबे समय से कार्यरत था और एक भरोसेमंद कर्मचारी होने के कारण उसे अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी सौंपी गई थीं। पुलिस के अनुसार, रविवार को भी फैक्ट्री में काम चल रहा था और सैमसन निगरानी के लिए आया था। इसी दौरान उसने अपने ऑफिस के कमरे को अंदर से बंद कर रस्सी से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के पहुंचने पर दरवाजा तोड़ना पड़ा। मौके से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक ने सुसाइड नोट में किसी व्यक्ति, परिवार या फैक्ट्री प्रबंधन को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया है। उसने लिखा है कि वह कुछ समय से सिविल मेंटेनेंस के काम की जिम्मेदारी संभाल रहा था, लेकिन कार्य के दबाव और तकनीकी जानकारी की कमी के कारण वह मानसिक तनाव में था। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है और पुलिस अन्य सभी पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।



Source link