नई दिल्ली. आईपीएल का 19वां सीजन दहलीज पर है. हर बार की तरह इस बार भी क्रिकेट जगत की निगाहें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के सुपरस्टार विराट कोहली पर टिकी हैं. 36 वर्षीय कोहली के लिए पिछला सीजन किसी सपने से कम नहीं था, जहां उन्होंने न केवल सबसे ज्यादा रन बनाए, बल्कि 18 साल के लंबे इंतजार को खत्म करते हुए आरसीबी को उसका पहला आईपीएल खिताब भी दिलाया. अब लक्ष्य है खिताब की रक्षा करना और इस सफर में कोहली कई ऐसे कीर्तिमान स्थापित कर सकते हैं, जो आज तक क्रिकेट इतिहास में किसी ने नहीं छुए. 5 बड़े रिकॉर्ड्स जो आईपीएल 2026 में कोहली के निशाने पर होंगे.
विराट कोहली (Virat Kohli) आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. वर्तमान में उनके नाम 267 मैचों में 8,661 रन दर्ज हैं. आईपीएल 2026 में अगर वह 339 रन और बना लेते हैं, तो वह इस टूर्नामेंट के इतिहास में 9,000 रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले क्रिकेटर बन जाएंगे. कोहली पहले ही 6,000, 7,000 और 8,000 रन का आंकड़ा छूने वाले पहले खिलाड़ी होने का गौरव प्राप्त कर चुके हैं.
विराट कोहली आईपीएल के इस सीजन बना सकते हैं 5 महारिकॉर्ड.
एक ही टीम के लिए 10,000 टी20 रन
साल 2008 में अंडर-19 ड्राफ्ट के जरिए आरसीबी से जुड़ने के बाद से कोहली ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा. उन्होंने अब तक बेंगलुरु के लिए 282 टी20 मैचों में 9,085 रन बनाए हैं. अगर आईपीएल 2026 में उनका बल्ला जमकर बोलता है और वह 915 रन बनाने में सफल रहते हैं, तो वह टी20 क्रिकेट के इतिहास में किसी एक फ्रैंचाइज़ी/टीम के लिए 10,000 रन बनाने वाले इकलौते खिलाड़ी बन जाएंगे. इस लिस्ट में उनके बाद जेम्स विंस और रोहित शर्मा का नाम आता है, लेकिन वे कोहली से काफी पीछे हैं.
आरसीबी के लिए ‘सिक्सर किंग’ का नया कीर्तिमान
विराट कोहली की बल्लेबाजी शैली केवल क्लासिक शॉट्स तक सीमित नहीं है, उन्होंने अपनी ताकत का लोहा भी मनवाया है. आरसीबी के लिए खेलते हुए कोहली अब तक 291 छक्के जड़ चुके हैं. उन्हें अपनी टीम के लिए 300 छक्कों का आंकड़ा छूने के लिए केवल 9 और छक्कों की दरकार है. ऐसा करते ही वह दुनिया के सबसे अमीर टी20 लीग में एक ही टीम के लिए 300 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय और दुनिया के चुनिंदा बल्लेबाजों में शामिल हो जाएंगे.
एक ही देश में 10,000 टी20 रन
कोहली का घरेलू मैदानों पर रिकॉर्ड अविश्वसनीय है.उन्होंने भारत में (टीम इंडिया, दिल्ली और आरसीबी के लिए) कुल 284 टी20 मैच खेले हैं और 9,704 रन बनाए हैं. इस सीजन में अगर वह 296 रन बना लेते हैं, तो वह दुनिया के पहले ऐसे बल्लेबाज बन जाएंगे जिसने किसी एक ही देश की धरती पर 10,000 टी20 रन पूरे किए हों. रोहित शर्मा (8,426 रन) इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं.
एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम और 4,000 रनों का आंकड़ा
बेंगलुरु का एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम विराट कोहली का ‘दूसरा घर’ माना जाता है. यहां उन्होंने 109 मैचों में 3,618 रन बनाए हैं. यदि कोहली इस आईपीएल सीजन में अपने घरेलू मैदान पर 382 रन और जोड़ लेते हैं, तो वह दुनिया के किसी एक स्टेडियम में 4,000 टी20 रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बन जाएंगे. आरसीबी को इस सीजन में अपने घर पर कम से कम पांच और क्वालीफाई करने पर सात मैच खेलने का मौका मिल सकता है, जो इस रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए पर्याप्त है.