Hyundai Exter vs Tata Punch: माइक्रो SUV सेगमेंट में हुंडई एक्सटर और टाटा पंच दोनों ही पॉपुलर ऑप्शन हैं. Hyundai Exter को फेसलिफ्ट अवतार में लॉन्च किया गया है, जबकि Tata Punch का फेसलिफ्ट जनवरी 2026 में आया था. दोनों कारें शहर की सड़कों के लिए परफेक्ट हैं, लेकिन डिजाइन, पावर और सेफ्टी में काफी अंतर है.
Tata Punch का बेस वेरिएंट ₹5.59 लाख से शुरू होता है, जबकि टॉप वेरिएंट ₹10.54 लाख तक जाता है. वहीं, Hyundai Exter का बेस वेरिएंट ₹5.80 लाख से शुरू होकर टॉप वेरिएंट के लिए ₹9.42 लाख तक जाता है. आइए, इन दोनों की डिजाइन, इंटीरियर, फीचर्स, सेफ्टी, इंजन और माइलेज डिटेल पर एक नजर डालते हैं.
डिजाइन डिटेल
पंच का डिज़ाइन ज्यादा रग्ड और SUV जैसा है. इसकी लंबाई 3876 mm, चौड़ाई 1742 mm, ऊंचाई 1615 mm और ग्राउंड क्लियरेंस 193 mm है. 16 इंच के अलॉय व्हील्स के साथ ये खराब सड़कों पर बेहतर परफॉर्म करती है. बॉक्सी शेप, LED हेडलैंप्स, रूफ रेल्स और शार्क फिन एंटीना इसे आक्रामक लुक देते हैं.
Hyundai Exter का लुक ज्यादा स्लीक और मॉडर्न है. इसकी लंबाई 3815 mm, चौड़ाई 1710 mm, ऊंचाई 1631 mm और ग्राउंड क्लियरेंस 185 mm है. इसे 15 इंच अलॉय व्हील्स के साथ पेश किया गया है. ये क्रॉसओवर स्टाइल की है. इसे प्रोजेक्टर हेडलैंप्स, LED DRLs और सिंगल पेन सनरूफ के साथ युवा खरीदारों को आकर्षित करती है.
केबिन और कम्फर्ट
दोनों कारों का केबिन 4-5 लोगों के लिए स्पेशियस है. टाटा पंच में 10.25 इंच का बड़ा टचस्क्रीन, 7 इंच डिजिटल क्लस्टर, फ्रंट-रियर आर्मरेस्ट, एम्बिएंट लाइटिंग और प्रीमियम साउंड सिस्टम (4 स्पीकर + 4 ट्वीटर) है. फैब्रिक अपहोल्स्ट्री और टच बेस्ड AC कंट्रोल्स इसे मॉडर्न बनाते हैं.
एक्सटर में डुअल टोन (नेवी एंड ग्रे) थीम, मेटल पेडल्स, फुटवेल लाइटिंग और 8 इंच टचस्क्रीन है. दोनों में सनरूफ, ऑटो AC, रियर AC वेंट्स, क्रूज कंट्रोल और वायरलेस चार्जिंग (हाई वेरिएंट) मिलते हैं. पंच का इंटीरियर ज्यादा प्रीमियम और टेक्नोलॉजी से भरपूर लगता है, जबकि एक्सटर स्मूथ और यूथफुल फील देती है.
फीचर्स और सेफ्टी
पंच में 10.25 इंच स्क्रीन, वायरलेस एंड्राइड ऑटो/एपल कारप्ले, 360 डिग्री कैमरा, वॉइस कमांड सनरूफ, ड्राइव मोड्स (Eco/City), ब्लाइंड स्पॉट मॉनिटर और पैडल शिफ्टर्स (CNG AMT) जैसे फीचर्स मिलते हैं. एक्सटर में भी सनरूफ, डैशकैम, OTA अपडेट्स, Bluelink कनेक्टेड टेक और वायरलेस कनेक्टिविटी (एडाप्टर से) हैं. दोनों में वायरलेस चार्जिंग और रियर USB पोर्ट्स हैं.
सेफ्टी में पंच क्लियर विनर है. इसे 5-स्टार Bharat NCAP रेटिंग (एडल्ट और चाइल्ड दोनों) मिली है. 6 एयरबैग्स स्टैंडर्ड, ESC, TPMS, 360 कैमरा, हिल डिसेंट कंट्रोल और ISOFIX मिलते हैं. Hyundai Exter में भी 6 एयरबैग्स, TPMS, ESC, ABS और 45+ सेफ्टी फीचर्स हैं लेकिन अभी कोई NCAP रेटिंग नहीं है.
इंजन और माइलेज
एक्सटर में 1.2 लीटर 4-सिलेंडर Kappa पेट्रोल इंजन (83 PS पावर, 113.8 Nm टॉर्क) है, जो सिटी में स्मूथ और क्वाइट है. CNG वर्जन 69 PS देता है. ट्रांसमिशन ऑप्शन में 5-स्पीड MT या AMT शामिल है. ARAI माइलेज पेट्रोल में लगभग 19-20 kmpl और CNG में 25-27 kmpl के आसपास है.
पंच को तीन इंजन ऑप्शन- 1.2L NA पेट्रोल (88 PS, 115 Nm), नया 1.2L टर्बो पेट्रोल (120 PS, 170 Nm) और CNG (73 PS) के साथ खरीदा जा सकता है. ट्रांसमिशन में MT/AMT (NA), 6MT (टर्बो) और CNG AMT शामिल हैं. माइलेज पेट्रोल में 18-20 kmpl, टर्बो थोड़ा कम और CNG में अच्छा है.