Bharat Museum: धार्मिक नगरी उज्जैन अब इतिहास और वीरता की नई कहानी लिखने जा रही है. शहर के बीचों-बीच खड़ा 138 साल पुराना कोठी पैलेस, जिसने समय के कई दौर देखे, अब एक नई पहचान पाने वाला है. मध्य प्रदेश सरकार इसे ‘वीर भारत संग्रहालय’ में बदलने की तैयारी कर रही है. करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से इस ऐतिहासिक इमारत का कायाकल्प होगा. जहां भारत के वीरों की गाथाएं जीवंत होंगी. पुरानी विरासत और आधुनिक तकनीक का संगम इसे एक अनोखा अनुभव बनाएगा, जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देगा.
कभी सिंधिया रियासत की शान रहा कोठी पैलेस, अब एक नई पहचान की ओर बढ़ रहा है. लगभग पौने दो एकड़ में फैली यह ऐतिहासिक इमारत वर्षों तक कलेक्टर कार्यालय के रूप में सक्रिय रही, लेकिन नए भवन के बनने के बाद यह शांत हो गई थी. अब फिर से यहां रौनक लौट रही है. तेजी से चल रहे काम के बीच इसे एक साल में आम लोगों के लिए खोलने की तैयारी है, जहां यह अतीत की कहानियों को जीवंत करेगा.
एक छत के नीचे मिलेगी महान नायकों की गाथाएं
इस संग्रहालय के अंदर पर कदम रखते ही मानो समय की यात्रा शुरू हो जाएगी. यहां हर दीवार एक कहानी कहेगी. प्राचीन भारत के स्वर्णिम युग से लेकर आज़ादी की लड़ाई तक, सम्राट विक्रमादित्य की वीरता, उनकी न्यायप्रियता और शौर्य की गाथाएं जैसे जीवंत हो उठेगी. आगे बढ़ते ही स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के संघर्ष, बलिदान और अदम्य साहस की झलक देखने को मिलेगी, जो हर दिल में गर्व और प्रेरणा भर देगी
वीर, संत और विद्वानों की प्रेरक दुनिया
इस संग्रहालय की शांत गलियों में कदम रखते ही इतिहास जीवंत हो जाएगा. यहाँ चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह और महात्मा गांधी की वीरता गूंजती हुईं नज़र आएगी. आगे बढ़ते ही स्वामी विवेकानंद, आदि शंकराचार्य और गुरु गोविंद सिंह की आध्यात्मिक आभा महसूस होगी. वहीं कालिदास, वराहमिहिर और तानसेन की प्रतिभा हर कोने में कहानी बनकर बिखरी नजर आएगी.
श्रीराम की लगभग 96 पीढ़ियों की जानकारी
उज्जैन के कोठी पैलेस में बनने वाले संग्रहालय में पूर्व वैदिक, वैदिक, उत्तर वैदिक, रामायण-महाभारत काल, विक्रमादित्य युग, मध्य युग व भारत भूमि पर जन्में तेजस्वी नायकों, दार्शनिकों, मंत्रदृष्टा, ऋषियों, संतों, मनीषियों, चिंतकों, कवियों, लेखकों, कलाकारों, वैज्ञानिकों, उद्यमियों के अनुपम योगदान को दर्शाया जाएगा. धार्मिक दृष्टि से यहां ब्रह्मा से लेकर मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की कहानियां रहेंगी. संग्रहालय में श्रीराम की लगभग 96 पीढ़ियों की जानकारी देखने को मिलेगी.
उज्जैन मे देखने को मिलेगा बड़ा आकर्षण का केंद्र
यहां आने वाला हर व्यक्ति वैदिक काल की गूंज, रामायण और महाभारत की गाथाएं, विक्रमादित्य के स्वर्णिम युग और स्वतंत्रता संग्राम की वीरता को एक साथ महसूस कर सकेगा. यह स्थान पर्यटकों को इतिहास के करीब ले जाएगा, जैसे वे खुद उस दौर का हिस्सा हों, इस पहल से नई पीढ़ी अपने गौरवशाली अतीत को समझेगी और उससे प्रेरणा लेकर भविष्य गढ़ेगी.