Last Updated:
who is Saurabh Dubey: आईपीएल के आगाज से पहले केकेआर ने बड़ा दांव खेला है! चोटिल आकाश दीप की जगह विदर्भ के 28 वर्षीय गेंदबाज सौरव दुबे की टीम में एंट्री हुई है. राहुल द्रविड़ के मार्गदर्शन में खेल चुके दुबे अपनी अतिरिक्त उछाल और स्विंग से विरोधियों को चौंकाने के लिए तैयार हैं.
सौरभ दुबे को आकाश दीप की जगह केकेआर ने अपनी टीम में जगह दी है.
नई दिल्ली. आईपीएल के रोमांचक आगाज से ठीक पहले कोलकाता नाइट राइडर्स ने एक बड़ा बदलाव किया है. टीम के तेज गेंदबाज आकाश दीप चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं. उनकी जगह केकेआर मैनेजमेंट ने विदर्भ के 28 वर्षीय बाएं हाथ के तेज गेंदबाज सौरभ दुबे को अपनी टीम में शामिल किया है. सौरभ दुबे पहले भी सनराइजर्स हैदराबाद का हिस्सा रह चुके हैं, लेकिन किस्मत ने उन्हें अब तक आईपीएल डेब्यू का मौका नहीं दिया. आकाश दीप का बाहर होना केकेआर के लिए एक बड़ा झटका है, लेकिन सौरव दुबे का आना टीम में एक नई ऊर्जा और ‘बाएं हाथ का विकल्प’ लेकर आया है.
सौरभ दुबे (Saurabh Dubey) विदर्भ क्रिकेट के एक उभरते हुए सितारे हैं.28 साल के इस गेंदबाज की सबसे बड़ी खासियत उनकी लंबाई और बाएं हाथ से की जाने वाली तेज गेंदबाजी है.सौरभ की प्रतिभा का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि साल 2019 में जब राहुल द्रविड़ के मार्गदर्शन में भारतीय टीम ‘एसीसी इमर्जिंग टीम्स एशिया कप’ के लिए बांग्लादेश गई थी, तब सौरव उस टीम का हिस्सा थे.
सौरभ दुबे को आकाश दीप की जगह केकेआर ने अपनी टीम में जगह दी है.
पूर्व नेशनल सेलेक्टर सुब्रतो बनर्जी नागपुर में सौरव को करीब से देखते रहे हैं. उन्होंने क्रिकबज को बताया कि दुबे को विकेट से अतिरिक्त उछाल (extra bounce) मिलता है. वे गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराने की काबिलियत रखते हैं, जो टी20 क्रिकेट में किसी भी बल्लेबाज के लिए काल साबित हो सकती है. सौरभ ने आखिरी बार 2023-24 सीजन में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में विदर्भ का प्रतिनिधित्व किया था. इससे पहले वे विजय हजारे ट्रॉफी में भी अपनी धारदार गेंदबाजी का जलवा दिखा चुके हैं.
हर्षित राणा का विकल्प मिलना अब भी चुनौती
केकेआर के लिए मुसीबतें यहीं खत्म नहीं हुई हैं. आकाश दीप के अलावा टीम के एक और मुख्य गेंदबाज हर्षित राणा भी पूरे सीजन से बाहर हो चुके हैं. फ्रेंचाइजी के एक अधिकारी के मुताबिक, ‘हर्षित का विकल्प ढूंढना लगभग नामुमकिन सा लग रहा है. हर्षित भारत के लिए तीनों फॉर्मेट खेल चुके हैं और उनके जैसा ‘क्वालिटी’ भारतीय गेंदबाज फिलहाल रिप्लेसमेंट पूल में उपलब्ध नहीं है.
दिसंबर में अनसोल्ड, अब चमकी किस्मत
सौरव दुबे की कहानी किसी फिल्म से कम नहीं है. दिसंबर में अबू धाबी में हुए मिनी ऑक्शन में वे अनसोल्ड रहे थे. उनका नाम रजिस्टर्ड अवेलेबल प्लेयर पूल (RAPP) में 1215वें नंबर पर था और उनकी बेस प्राइस 30 लाख रुपये थी. 2022 में वे हैदराबाद के साथ जरूर थे, लेकिन चोट ने उनका सफर छोटा कर दिया था. अब कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन पर भरोसा जताया है और वे टीम कैंप से जुड़ चुके हैं.
चुनावों के कारण अटका आईपीएल का पूरा शेड्यूल
इस बीच, बीसीसीआई ने फ्रेंचाइजियों को सूचित किया है कि आईपीएल 2026 के बाकी बचे 54 मैचों का शेड्यूल जारी करने में 3 से 4 दिन और लगेंगे. असम, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु जैसे राज्यों में होने वाले चुनावों की तारीखों के कारण शेड्यूल में यह देरी हो रही है. फिलहाल 12 अप्रैल तक का कार्यक्रम ही जारी किया गया है.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें