Last Updated:
Rewa News: पीड़िता ने पुलिस को बताया कि स्कूल के शिक्षक सुखदेव सिंह खेलकूद प्रतियोगिता में भाग दिलाने का झांसा देकर उसे रीवा के एक होटल में ले गया. होटल मैनेजर ने बिना कोई आईडी प्रूफ लिए पैसे के लालच में होटल का कमरा दे दिया.
पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है.
रिपोर्ट- शिवकांत आचार्य, रीवा. मध्य प्रदेश के रीवा में एक नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है. आरोपी कोई और नहीं बल्कि स्कूल का पीटीआई टीचर है. मिली जानकारी के अनुसार, खेलकूद प्रतियोगिता में भाग दिलाने का झांसा देकर अपने ही विद्यालय की एक छात्रा को लेकर रीवा शहर के एक होटल पहुंचे पीटीआई ने किशोरी के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया. कथित तौर पर होटल मैनेजर भी इसमें शामिल था. जब किसी तरह किशोरी शिक्षक के चंगुल से छूटकर अपने घर पहुंची, तो उसने पूरी घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी. जिसके बाद परिजन सहित बैकुंठपुर थाने पहुंची किशोरी ने मझगवां स्कूल में पदस्थ शारीरिक खेलकूद शिक्षक और होटल मैनेजर के खिलाफ दुष्कर्म के प्रयास का मामला दर्ज कराया. पुलिस ने केस दर्ज करने के बाद शिक्षक सहित होटल मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है. मामले की जांच जारी है.
बैकुंठपुर थाना प्रभारी घनश्याम मिश्रा ने केस के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मझगवां में अध्यनरत एक किशोरी ने पीटीआई टीचर सुखदेव सिंह और होटल मैनेजर पर रेप की कोशिश का आरोप लगाया है. पीड़िता ने पुलिस को बताया कि स्कूल में खेलकूद प्रतियोगिताओं की जिम्मेदारी उठाने वाले शासकीय शिक्षक सुखदेव सिंह खेलकूद प्रतियोगिता में भाग दिलाने का झांसा देकर उसे रीवा के एक होटल में ले गया, जहां होटल मैनेजर ने बिना कोई आईडी प्रूफ लिए पैसे के लालच में शिक्षक और नाबालिग छात्रा को होटल का कमरा उपलब्ध कराया.
होटल मैनेजर ने पीड़िता को डराया-धमकाया
उन्होंने आगे कहा कि जब कमरे के अंदर शिक्षक ने छात्रा से दुष्कर्म करने का प्रयास किया, तो किशोरी कमरे का गेट खोलकर भागी और उसने मैनेजर को पूरा घटनाक्रम बताया लेकिन होटल मैनेजर अशोक वाधवानी ने पीड़िता को डरा-धमकाकर होटल से चलता कर दिया. पीड़िता की शिकायत पर बैकुंठपुर पुलिस ने शासकीय शिक्षक सुखदेव सिंह सहित होटल मैनेजर अशोक वाधवानी को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.