गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने पुणे और गाजीपुर सिटी के बीच द्वि-साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन पश्चिम मध्य रेल के इटारसी, पिपरिया, नरसिंहपुर, मदनमहल, कटनी, मैहर और सतना सहित कई स्टेशनों पर रुकेगी। ट्रेन संख्या 01431 पुणे-गाजीपुर सिटी स्पेशल 17 से 28 अप्रैल तक प्रत्येक शुक्रवार और मंगलवार को संचालित होगी। यह ट्रेन पुणे से सुबह 6:40 बजे रवाना होगी। यह रात 9 बजे इटारसी, 10:10 बजे पिपरिया, 11:05 बजे नरसिंहपुर और अगले दिन रात 12:40 बजे मदनमहल पहुंचेगी। इसके बाद, ट्रेन कटनी 2:45 बजे, मैहर 4:10 बजे, सतना 6 बजे पहुंचकर शाम 7:05 बजे गाजीपुर सिटी पहुंचेगी। इस दौरान कुल 4 फेरे लगाए जाएंगे। वापसी में, ट्रेन संख्या 01432 गाजीपुर सिटी-पुणे स्पेशल 19 से 30 अप्रैल तक प्रत्येक रविवार और गुरुवार को चलेगी। यह ट्रेन गाजीपुर सिटी से सुबह 4:20 बजे रवाना होगी। यह शाम 5:30 बजे सतना, 5:58 बजे मैहर, 6:50 बजे कटनी और रात 9:10 बजे मदनमहल पहुंचेगी। इसके बाद, यह नरसिंहपुर, पिपरिया और इटारसी होते हुए अगले दिन शाम 4:20 बजे पुणे पहुंचेगी। इस स्पेशल ट्रेन में कुल 18 कोच होंगे, जिनमें 1 एसी सेकेंड, 5 एसी थर्ड, 6 स्लीपर, 4 जनरल और 2 एसएलआरडी शामिल हैं। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में दौंड कॉर्ड लाइन, अहमदनगर, कोपरगांव, मनमाड, जलगांव, भुसावल, खंडवा, इटारसी, पिपरिया, नरसिंहपुर, मदनमहल, कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, वाराणसी, जौनपुर और औंड़िहार जंक्शन पर रुकेगी।
Source link