Last Updated:
Bangladesh Cricketers got NOC’s to play in PSL: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने सोमवार को अपने खिलाड़ियों को पाकिस्तान सुपर लीग 2026 में खेलने की मंजूरी दे दी है. यह टूर्नामेंट 26 मार्च से शुरू होने जा रहा है और इसका फाइनल मुकाबला 3 मई को खेला जाएगा. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने इससे पहले कहा था कि पीएसएल में उनके खिलाड़ियों के शामिल होने का फैसला सरकार के हाथ में है.
पीएसएल खेलने के लिए बांग्लादेशी क्रिकेटर्स को सरकार की मंजूरी.
नई दिल्ली. पाकिस्तान सुपर लीग 2026(PSL) में खेलने के लिए बांग्लादेश के खिलाड़ियों को एनओसी मिल गई है. पहले बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने खिलाड़ियों को पीएसएल में खेलने के लिए सरकार की मंजूरी को अनिवार्य बताया था. बीसीबी की तरफ से यह बयान खिलाड़ियों की सुरक्षा के मद्देनजर आया था. बांग्लादेश के युवा और खेल राज्य मंत्री अमीनुल हक ने रविवार को कहा था कि अगर सुरक्षा को लेकर कोई चिंता हुई, तो खिलाड़ी पीएसएल में हिस्सा नहीं लेंगे. इस घोषणा के कुछ ही घंटों बाद, चार बांग्लादेशी क्रिकेटर पाकिस्तान के लिए रवाना हो गए. इसे क्रिकेटरों का अपने जोखिम पर यात्रा करना माना जा रहा था.
क्रिकेटरों की पीएसएल के लिए पाकिस्तान यात्रा पर स्थिति स्पष्ट करते हुए शीर्ष सरकारी अधिकारी ने कहा, “हमने विदेश मंत्रालय के साथ पाकिस्तान की स्थिति के बारे में चर्चा की और उसके बाद उन्होंने इस्लामाबाद में हमारे उच्चायोग से संपर्क किया. वहां से सुरक्षा का आश्वासन मिलने के बाद हमने क्रिकेटरों को पीएसएल खेलने की अनुमति दी.”
पीएसएल खेलने के लिए बांग्लादेशी क्रिकेटर्स को सरकार की मंजूरी.
एक रिपोर्ट के मुताबिक बांग्लादेश उच्चायोग द्वारा पाकिस्तान से बांग्लादेश सरकार को भेजे गए पत्र के अनुसार पाकिस्तान और अफगानिस्तान दोनों ने ईद-उल-अजहा से पहले संघर्ष विराम की घोषणा की है. यह संघर्ष विराम कुछ समय तक बना रहेगा. पीएसएल मैचों के लिए लाहौर और कराची को चुना गया है, जो काफी सुरक्षित हैं. पाकिस्तान क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने पीएसएल का आयोजन बिना दर्शकों के करने की घोषणा की है. पाकिस्तान के संबंधित अधिकारी क्रिकेटरों की सुरक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं.
पत्र में आगे लिखा है कि इन परिस्थितियों को देखते हुए सिफारिश की जाती है कि बांग्लादेशी क्रिकेटर पीएसएल में खेल सकते हैं. बता दें कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने छह खिलाड़ियों – मुस्तफिजुर रहमान, परवेज हुसैन इमोन, शोरिफुल इस्लाम, नाहिद राणा, तंजीद हसन तमीम और रिशाद हुसैन को 26 मार्च से 3 मई तक चलने वाले इस टूर्नामेंट के लिए पूर्व में अनापत्ति प्रमाण पत्र’ (एनओसी) जारी किया था. सभी खिलाड़ी लीग में अलग-अलग फ्रेंचाइजियों का हिस्सा हैं.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें