बिना कोचिंग लिए खुद बनाए नोट्स और बन गई गजेटेड अफसर, पढ़ें निकिता की सक्सेस स्टोरी!

बिना कोचिंग लिए खुद बनाए नोट्स और बन गई गजेटेड अफसर, पढ़ें निकिता की सक्सेस स्टोरी!


Last Updated:

MPPSC Success Story: सागर जिले की निकिता चौधरी ने बिना कोचिंग और बिना सोशल मीडिया के सहारे MPPSC परीक्षा पहले ही प्रयास में पास कर गजटेड ऑफिसर बनकर इतिहास रच दिया. उन्होंने अपनी पढ़ाई सरकारी स्कूल और कॉलेज से पूरी की और खुद के बनाए नोट्स से तैयारी की. उनकी इस सफलता पर पूरे गांव में जश्न मनाया गया और ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया गया. निकिता की कहानी उन लाखों छात्रों के लिए प्रेरणा है जो सीमित संसाधनों में भी बड़े सपने देखते हैं. जानिए कैसे मेहनत, फोकस और सही रणनीति से उन्होंने यह मुकाम हासिल किया.

Sagar News: सागर जिले के एक छोटे से गांव मंजिला की रहने वाली 25 साल की निकिता चौधरी ने ऐसा कारनामा कर दिखाया है कि पूरा गांव गर्व से भर गया. जैसे ही वह अपने मौसी के घर से लौटी, परिवार और ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जुलूस निकालकर उनका स्वागत किया. हर कोई उनकी सफलता पर खुश नजर आया.

बिना कोचिंग के पास की MPPSC
निकिता ने 2025 में MPPSC परीक्षा पहले ही प्रयास में पास कर ली और अब गजटेड ऑफिसर बन गई हैं. खास बात ये है कि उन्होंने किसी भी कोचिंग का सहारा नहीं लिया और सोशल मीडिया से भी दूरी बनाए रखी. उन्होंने सिर्फ सिलेबस को समझा, उसका एनालिसिस किया और उसी के अनुसार पढ़ाई की. यही उनकी सफलता की सबसे बड़ी कुंजी बनी.

सरकारी स्कूल से शुरू हुआ सफर
निकिता ने अपनी पढ़ाई पहली कक्षा से लेकर ग्रेजुएशन तक सरकारी स्कूल और कॉलेज से ही पूरी की. 12वीं तक उन्हें यह भी नहीं पता था कि आगे क्या करना है, लेकिन कॉलेज में पहुंचने के बाद किताबों से लगाव बढ़ा और यहीं से उन्होंने अपने करियर की दिशा तय कर ली.

पहले SET, फिर NET और अब MPPSC
निकिता ने 2022 में SET परीक्षा पास की और 2024 में NET क्वालीफाई किया. इसके बाद उन्होंने MPPSC की तैयारी शुरू की और 2025 में सफलता हासिल कर ली. वे रोजाना 12 से 14 घंटे पढ़ाई करती थीं और अपने नोट्स खुद बनाती थीं. इस दौरान परिवार का पूरा सपोर्ट उन्हें मिलता रहा.

सफलता का मंत्र क्या है?
निकिता का मानना है कि किसी भी परीक्षा को पास करने के लिए दो चीजें सबसे जरूरी हैं निरंतर मेहनत और सही दिशा में पढ़ाई. वह कहती हैं कि स्टूडेंट्स को हमेशा अपने लक्ष्य पर फोकस रखना चाहिए और भटकाव से दूर रहना चाहिए. सिलेबस को समझकर उसी के अनुसार पढ़ाई करने से सफलता जरूर मिलती है.

गांव की पहली बेटी बनी अधिकारी
निकिता अपने गांव की पहली ऐसी बेटी बन गई हैं, जिसने MPPSC पास कर गजटेड ऑफिसर बनने का गौरव हासिल किया है. उनकी सफलता अब पूरे इलाके के लिए प्रेरणा बन चुकी है.

About the Author

Shweta Singh

Shweta Singh, currently working with News18MPCG (Digital), has been crafting impactful stories in digital journalism for more than two years. From hyperlocal issues to politics, crime, astrology, and lifestyle,…और पढ़ें



Source link