विदिशा छात्रावास में पानी की किल्लत से जूझ रहे छात्र: गंदगी से हालात खराब; समाधान की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे – Vidisha News

विदिशा छात्रावास में पानी की किल्लत से जूझ रहे छात्र:  गंदगी से हालात खराब; समाधान की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे – Vidisha News




विदिशा के हरिपुरा स्थित सीनियर बालक छात्रावास के छात्रों ने पानी की गंभीर समस्या और खराब सफाई व्यवस्था को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। छात्रों ने जल्द समाधान की मांग की है। छात्रों ने बताया कि हाल ही में कराया गया नया बोरवेल कम गहराई के कारण सूख गया है, जिससे पानी की आपूर्ति बंद हो गई है। इससे छात्रावास में पेयजल संकट और गहरा गया है। पुराना बोरवेल भी बंद हुआ
छात्रों का कहना है कि ठेकेदार की लापरवाही के चलते पुराने बोरवेल को भी बंद कर दिया गया है, जिससे स्थिति और खराब हो गई है। दोनों स्रोत बंद होने से छात्रों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। एक महीने से पानी की किल्लत
छात्र विक्रम अहिरवार ने बताया कि पिछले एक महीने से छात्रावास में पानी की भारी कमी बनी हुई है। उन्होंने मांग की कि पुराने बोरवेल का गहरीकरण कर उसे फिर से चालू किया जाए, ताकि समस्या का स्थायी समाधान हो सके। छात्र लोकेश ने बताया कि पानी की कमी के साथ-साथ छात्रावास में सफाई व्यवस्था भी पूरी तरह ठप है। गंदगी बढ़ने से छात्रों को रहने में परेशानी हो रही है और बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
छात्रों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द पानी की उचित व्यवस्था की जाए और सफाई व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जाए, ताकि छात्रावास में रहने वाले छात्रों को राहत मिल सके।



Source link