₹2625 में बिकेगा गेहूं! सागर में खुल रहे 180 खरीदी केंद्र, जानिए कब से शुरू होगी खरीद

₹2625 में बिकेगा गेहूं! सागर में खुल रहे 180 खरीदी केंद्र, जानिए कब से शुरू होगी खरीद


Sagar News: सागर जिले के किसानों के लिए राहत भरी खबर है. इस बार गेहूं उपार्जन की तैयारी पहले से ही तेज कर दी गई है. जिले में करीब 180 खरीदी केंद्र बनाए जा रहे हैं, जहां किसान अपना गेहूं बेच सकेंगे. खास बात ये है कि किसान 28 मार्च से ही स्लॉट बुक कर सकेंगे, जबकि खरीदी 7 अप्रैल से शुरू होगी.

MSP के साथ बोनस मिलेगा पूरा फायदा
इस साल गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) ₹2585 प्रति क्विंटल तय किया गया है. इसके साथ ही मध्य प्रदेश सरकार ₹40 बोनस भी दे रही है. यानी किसानों को कुल ₹2625 प्रति क्विंटल का भाव मिलेगा, जो उनके लिए फायदेमंद साबित होगा.

चना और मसूर की भी होगी खरीदी
सिर्फ गेहूं ही नहीं, चना और मसूर के लिए भी 80 उपार्जन केंद्र बनाए जा रहे हैं. इनकी खरीदी 30 मार्च से शुरू हो जाएगी.
चना MSP: ₹5875 प्रति क्विंटल
मसूर MSP: ₹7000 प्रति क्विंटल
पिछले साल के मुकाबले चने में ₹225 और मसूर में ₹300 की बढ़ोतरी की गई है.

सरसों के किसानों को भी राहत
इस बार सरसों की खेती भी बड़े पैमाने पर हुई है. करीब 3000 किसानों ने पंजीयन कराया है. सरसों का MSP ₹6200 है, लेकिन इसकी खरीदी भावांतर योजना के तहत होगी. अगर मंडी में भाव कम मिलता है, तो सरकार 400-500 रुपए का अंतर खुद देगी. 23 मार्च से सरसों की खरीदी भी शुरू हो चुकी है.

इस बार सुविधाओं पर खास ध्यान
पिछले साल किसानों को खरीदी केंद्रों पर काफी दिक्कतें आई थीं. इस बार प्रशासन पहले से ही तैयारी कर रहा है. 1 अप्रैल को मॉक ड्रिल की जाएगी ताकि व्यवस्थाएं सही रहें. केंद्रों पर टेंट, पानी, साफ-सफाई और शौचालय जैसी सुविधाओं का खास ध्यान रखा जाएगा.

तेजी से हो रही फसल कटाई
गर्मी जल्दी शुरू होने की वजह से चना, मसूर, सरसों जैसी फसलों की करीब 90% कटाई हो चुकी है. वहीं गेहूं की कटाई भी लगभग 50% पूरी हो गई है और अगले 10-15 दिनों में 90% तक पहुंच जाएगी. किसान चाहते हैं कि जल्दी खरीदी शुरू हो जाए, ताकि उन्हें अच्छा भाव मिल सके और वे अपने खर्च निकाल सकें.

क्या समझें किसान
अगर समय पर खरीदी शुरू हो गई तो किसानों को मंडी में कम दाम पर बेचने की मजबूरी नहीं रहेगी. इस बार सरकार की तैयारी बेहतर दिख रही है, जिससे किसानों को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है.



Source link