MPCA अध्यक्ष महाआर्यमन सिंधिया ग्वालियर दौरे पर: रेलवे स्टेशन पर जोरदार स्वागत, कहा-महिला क्रिकेट खिलाड़ी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा – Gwalior News

MPCA अध्यक्ष महाआर्यमन सिंधिया ग्वालियर दौरे पर:  रेलवे स्टेशन पर जोरदार स्वागत, कहा-महिला क्रिकेट खिलाड़ी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा – Gwalior News




मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (MPCA) के अध्यक्ष महाआर्यमन सिंधिया अंचल के दो दिवसीय दौरे पर सोमवार को ग्वालियर पहुंचे। रेलवे स्टेशन पर उनके समर्थकों, कार्यकर्ताओं और क्रिकेट प्रेमियों ने फूल-मालाओं और नारों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान महाआर्यमन सिंधिया 23 और 24 मार्च को शिवपुरी और अशोकनगर जिलों में आयोजित स्वास्थ्य शिविरों और विभिन्न स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से वे आमजन से संवाद करेंगे और क्षेत्रीय गतिविधियों में सहभागिता निभाएंगे। IPL में प्रदेश के 10 से अधिक खिलाड़ी मीडिया से बातचीत में MPCA अध्यक्ष ने प्रदेश में क्रिकेट को मिल रहे नए अवसरों पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में मध्य प्रदेश के 10 से अधिक खिलाड़ियों का खेलना प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि MPCA और MPL (मध्य प्रदेश लीग) के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन मंच मिल रहा है। सिंधिया ने कहा, “हमारी टीम मिलकर लगातार काम कर रही है और इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।” आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत हैं महिला खिलाड़ी उन्होंने विशेष रूप से महिला क्रिकेट की प्रगति का भी उल्लेख किया। सिंधिया ने कहा कि यह गर्व की बात है कि प्रदेश की तीन महिला खिलाड़ी भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा बनी हैं, जो आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उल्लेखनीय है कि महाआर्यमन सिंधिया MPCA के इतिहास में सबसे कम उम्र के अध्यक्ष बने हैं। उनके नेतृत्व में एसोसिएशन नई दिशा में आगे बढ़ रहा है और युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। गौरतलब है कि उनके परिवार का भी MPCA से गहरा संबंध रहा है। उनके पिता केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और दादा स्वर्गीय माधवराव सिंधिया भी MPCA के अध्यक्ष रह चुके हैं। क्रिकेट प्रशासन में यह विरासत अब नई पीढ़ी के हाथों में है, जिससे प्रदेश के क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचने की उम्मीद है।



Source link