ऑटो चालक बिजली विभाग की सीढ़ी से टकराया: गंभीर हालत में एडमिट, कर्मचारियों ने पहुंचाया अस्पताल – Damoh News

ऑटो चालक बिजली विभाग की सीढ़ी से टकराया:  गंभीर हालत में एडमिट, कर्मचारियों ने पहुंचाया अस्पताल – Damoh News




दमोह के जबलपुर नाका क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक ऑटो चालक बिजली विभाग की गाड़ी में रखी सीढ़ी से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे गंभीर हालत में इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना जबलपुर नाका चौकी के समीप हुई। मारूताल गांव निवासी 40 वर्षीय तान सिंह लोधी अपना ई-रिक्शा लेकर मारुताल से जबलपुर नाका की ओर आ रहे थे। इसी दौरान, जबलपुर नाका के पास बिजली विभाग की एक गाड़ी खड़ी थी, जिसकी सीढ़ी गाड़ी की बॉडी से बाहर निकली हुई थी। तान सिंह का ऑटो रिक्शा उसी निकली हुई सीढ़ी से टकरा गया और सड़क पर पलट गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिन्होंने ऑटो को सड़क से हटाया और घायल तान सिंह को उठाया। बिजली विभाग के कर्मचारी अपने वाहन से ही उसे जिला अस्पताल ले गए। डॉक्टरों के अनुसार, घायल तान सिंह के सिर में गंभीर चोट आई है और उनका इलाज जारी है। तान सिंह ने बताया कि बिजली विभाग की सीढ़ी गाड़ी से बाहर निकली होने के कारण उनका ऑटो उससे टकरा गया और वे घायल हो गए। बिजली विभाग के सहायक अभियंता (एई) सीपी चोपड़ा ने घटना की जानकारी मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि घायल का उचित इलाज कराया जाएगा और इस मामले में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।



Source link