कटनी जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र में एक 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी के नौ माह की गर्भवती होने का मामला सामने आया है। किशोरी को पेट दर्द की शिकायत के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह डॉक्टरों की विशेष निगरानी में है। अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर पुलिस ने मामले की वैधानिक जांच और बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पेट दर्द की शिकायत पर अस्पताल पहुंची थी किशोरी को अचानक पेट में तेज दर्द होने पर परिजन पहले बड़वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए थे। वहां प्राथमिक जांच में स्थिति संदिग्ध लगने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मंगलवार को जिला अस्पताल के विशेषज्ञों ने जांच के बाद किशोरी के नौ माह की गर्भवती होने की पुष्टि की, जिसके बाद महिला थाने को सूचित किया गया। गांव के ही किशोर के साथ मंदिर में प्रेम विवाह का दावा अस्पताल स्टाफ को दिए प्रारंभिक बयान में किशोरी ने बताया कि उसने अपने ही गांव के एक किशोर के साथ मंदिर में प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद वे कुछ समय तक गांव से बाहर भी रहे थे। जिला अस्पताल के डिलीवरी वार्ड की इंचार्ज दुर्गा के अनुसार, किशोरी पूर्ण रूप से गर्भवती है और संभावना है कि उसकी डिलीवरी आज रात तक हो सकती है। महिला थाने में संबंधित धाराओं के तहत दर्ज होगा मामला अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार डेहरिया ने बताया कि नाबालिग के गर्भवती होने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई है। पीड़िता के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और चूंकि मामला नाबालिग से संबंधित है, इसलिए महिला थाने में सुसंगत धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया जाएगा। पुलिस मामले के सभी कानूनी पहलुओं की जांच कर रही है।
Source link