भोपाल में ‘गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग! कांग्रेस-भाजपा में घमासान

भोपाल में ‘गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग! कांग्रेस-भाजपा में घमासान


Last Updated:

भोपाल के इतवारा चौराहे पर मुस्लिम समाज ने गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया. इस मांग के बाद शहर की सियासत गरमा गई है. कांग्रेस ने भाजपा पर आरोप लगाए, जबकि भाजपा ने पलटवार किया. इस बीच गोकशी का मामला भी तेजी से सामने आ रहा है. इस मामले में जनता में जबरदस्‍त नाराजगी देखी जा रही है.

ख़बरें फटाफट

Zoom

भोपाल में गाय को राष्‍ट्रीय पशु घोषित करने की मांग पर सियासत तेज हो गई है.

भोपाल. पुराने शहर स्थित इतवारा चौराहे पर मंगलवार को हुए प्रदर्शन ने एक बार फिर गाय के मुद्दे को राजनीतिक बहस के केंद्र में ला दिया है. ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी के बैनर तले बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग सड़कों पर उतरे और गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग उठाई. इस प्रदर्शन की खास बात यह रही कि यह मांग एक ऐसे समुदाय की ओर से आई, जिसे अक्सर इस मुद्दे पर राजनीतिक बहस में अलग नजरिए से देखा जाता रहा है. इसी वजह से यह प्रदर्शन केवल धार्मिक या सामाजिक नहीं, बल्कि राजनीतिक दृष्टि से भी अहम बन गया है.

इस पूरे घटनाक्रम ने भोपाल की स्थानीय राजनीति को भी गरमा दिया है. प्रदर्शन के बाद कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है. कांग्रेस ने जहां भाजपा पर गोमांस कांड और नगर निगम की भूमिका को लेकर गंभीर आरोप लगाए, वहीं भाजपा ने कांग्रेस पर राजनीतिक लाभ लेने का आरोप लगाया. ऐसे में यह मुद्दा केवल मांग तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सियासी टकराव का कारण भी बन गया है, जिससे आने वाले दिनों में यह विवाद और बढ़ सकता है.

इतवारा चौराहे पर प्रदर्शन, बड़ी संख्या में लोग शामिल
पुराने भोपाल के इतवारा चौराहे पर आयोजित इस प्रदर्शन में मुस्लिम समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए. प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग की. उनके हाथों में बैनर और पोस्टर थे, जिनमें गौ संरक्षण को लेकर संदेश लिखे गए थे.

मुस्लिम समाज ने रखी अपनी बात
कमेटी के संरक्षक शमशुल हसन ने कहा कि इस्लाम में गाय का मांस खाना और उसका वध करना हराम माना गया है. उन्होंने बताया कि गाय का दूध और घी उपयोगी होता है और समाज में इसका सम्मान किया जाता है. उनका कहना था कि जब समाज खुद गाय को माता का दर्जा देता है, तो उसे राष्ट्रीय पशु घोषित करने में कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए.

सरकार से की गई अपील
प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री से अपील की गई कि गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित किया जाए. प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इससे गौ हत्या से जुड़े विवादों पर रोक लगेगी और समाज में सौहार्द बना रहेगा.

कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना
इस मुद्दे पर कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव बरोलिया ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि गोमांस कांड में भाजपा नेताओं के नाम सामने आए हैं और भोपाल नगर निगम की भूमिका भी संदिग्ध रही है. कांग्रेस का आरोप है कि निगम के एमआईसी सदस्यों ने नियमों को दरकिनार कर अनुमति दी.

भाजपा का पलटवार
भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए इसे राजनीतिक साजिश बताया. पार्टी नेता अजय यादव का कहना है कि भाजपा हमेशा से ही गौ को माता का दर्जा देकर पूर्ण सम्‍मान देती आई है. भाजपा सरकार ने ही गौ वध को प्रतिबंधित किया था. लेकिन कांग्रेस इस मुद्दे को भटकाने की कोशिश कर रही है और जनता को गुमराह कर रही है. इस पूरे घटनाक्रम में एक ओर जहां समाज का एक वर्ग गौ संरक्षण का संदेश दे रहा है, वहीं दूसरी ओर राजनीतिक दल इसे अपने-अपने नजरिए से देख रहे हैं. इससे साफ है कि यह मुद्दा आने वाले समय में और बड़ा राजनीतिक विषय बन सकता है.

About the Author

Sumit verma

सुमित वर्मा, News18 में 4 सालों से एसोसिएट एडीटर पद पर कार्यरत हैं. बीते 3 दशकों से सक्रिय पत्रकारिता में अपनी अलग पहचान रखते हैं. देश के नामचीन मीडिया संस्‍थानों में सजग जिम्‍मेदार पदों पर काम करने का अनुभव. प…और पढ़ें



Source link