मंदसौर शहर सहित पूरे जिले में मंगलवार रात पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी और कमी की अफवाह फैलने के बाद पंपों पर ईंधन भरवाने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कुछ संचालकों ने दोपहिया वाहन चालकों को सिर्फ 1 लीटर पेट्रोल दिया, जबकि कुछ ने अत्यधिक दबाव में पुलिस के बैरिकेड लगाकर पंप ही बंद कर दिए। हालांकि, बुधवार सुबह 6 बजे से वितरण फिर शुरू हो गया है और जिला आपूर्ति अधिकारी व पंप संचालकों ने स्पष्ट किया है कि जिले में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा आपूर्ति पूरी तरह सुचारू है। शहर से लेकर ग्रामीण अंचल तक असर, संचालक ने लगाए बैरिकेड शुरुआत में शहर के एक-दो पेट्रोल पंपों पर भीड़ देखने को मिली, लेकिन कुछ ही समय में यह स्थिति पूरे मंदसौर शहर और जिले के अन्य क्षेत्रों तक फैल गई। सीतामऊ, पिपलिया मंडी, मल्हारगढ़ और नारायणगढ़ सहित कई इलाकों में पंपों पर भारी भीड़ की तस्वीर सामने आई। भीड़ को रोकने के लिए मन्दसौर के सरदार वल्लभभाई पटेल चौराहा स्थित मिश्रीलाल एन्ड कंपनी के पेट्रोल पंप संचालक द्वारा पुलिस के बैरिकेड चौराहे से उठाकर पंप के बाहर रख दिए गए, ताकि कोई ग्राहक पंप पर नहीं आए और पेट्रोल-डीजल की डिमांड न करे। 1 लीटर दिया पेट्रोल, मशीनें गर्म होने से पंप किए बंद भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कुछ पेट्रोल पंप संचालकों ने मोटरसाइकिल चालकों को मात्र 1 लीटर पेट्रोल ही देना शुरू कर दिया। वहीं, कुछ पंप संचालकों ने अत्यधिक दबाव के चलते अपने पंप अस्थायी रूप से बंद कर दिए। पेट्रोल पंप संचालक राजेंद्र चौबे ने बताया कि जिले के अधिकांश पंपों पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है। उनके अनुसार, उनके पंप को बंद करने का कारण ईंधन की कमी नहीं, बल्कि लगातार काम करने से स्टाफ की थकान और मशीनों का अत्यधिक गर्म होना था। उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह 6 बजे से पुनः ईंधन वितरण शुरू कर दिया गया। रात 11:45 बजे तक चला पंप, ऑइल कंपनियों से आपूर्ति जारी शहर के एक पेट्रोल पंप मैनेजर ने बताया कि सामान्यतः पंप सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक संचालित होता है, लेकिन भीड़ के चलते मंगलवार को रात 11:45 बजे तक ईंधन भरना पड़ा। फिलहाल पंप पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। संचालकों के अनुसार ऑइल कंपनियों से लगातार संपर्क बना हुआ है और नियमित रूप से पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति जारी है। किसी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है। जिला आपूर्ति अधिकारी की अपील- अफवाहों पर ध्यान न दें जिला आपूर्ति अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि मंदसौर जिले में पेट्रोल और डीजल की सप्लाई पूरी तरह सुचारू है और कहीं भी कोई कमी नहीं है। ऑइल कंपनियों से लगातार आपूर्ति बनी हुई है और आम नागरिकों को आवश्यकता अनुसार ईंधन मिल रहा है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, अनावश्यक रूप से पेट्रोल-डीजल का भंडारण न करें और शांति बनाए रखें। प्रशासन और पेट्रोल पंप संचालकों के अनुसार जिले में स्थिति पूरी तरह सामान्य है और सभी नागरिकों को जरूरत के अनुसार पेट्रोल-डीजल मिलता रहेगा। देखिए मंगलवार रात कैसे बने हालात…
Source link