मंडला स्वास्थ्य केंद्र में निजी ताले से दवा मिलना बंद: मरीजों को एक घंटे इंतजार करना पड़ा, कलेक्टर ने लिया संज्ञान – Mandla News

मंडला स्वास्थ्य केंद्र में निजी ताले से दवा मिलना बंद:  मरीजों को एक घंटे इंतजार करना पड़ा, कलेक्टर ने लिया संज्ञान – Mandla News




मंडला जिले के बम्हनी बंजर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रशासनिक लापरवाही का एक मामला सामने आया है। यहां दवा वितरण काउंटर पर निजी ताला लगा होने के कारण मरीजों को एक से डेढ़ घंटे तक इंतजार करना पड़ा। इस दौरान उन्हें दवाएं नहीं मिल सकीं। मरीज हाथों में पर्चियां लिए काउंटर खुलने का इंतजार करते रहे। जब उन्होंने डॉक्टरों से दवा न मिलने का कारण पूछा, तो उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। डॉक्टरों ने उन्हें ‘बड़े साहब’ से संपर्क करने की बात कहकर टाल दिया। इस दौरान संबंधित अधिकारी भी मौके पर मौजूद नहीं थे, जिससे दूर-दराज से आए मरीजों की परेशानी बढ़ गई और उन्हें बिना दवा के लौटना पड़ा। स्वास्थ्य केंद्र की फार्मासिस्ट शोभना ने बताया कि दवा काउंटर पर फार्मासिस्ट नवीन हरदहा का निजी ताला लगा हुआ है। उन्होंने जानकारी दी कि सीएमएचओ के निर्देश पर पिछले दो दिनों से ओपीडी में दवा वितरण इसी ताले को खोलकर किया जा रहा था, लेकिन आज ताला नहीं खोला गया। मामले की जानकारी मिलते ही कलेक्टर ने संज्ञान लिया। उन्होंने एसडीएम के माध्यम से नायब तहसीलदार कैलाश कोल को मौके पर भेजा। नायब तहसीलदार ने अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और चाबी मंगवाकर दवा वितरण पुनः शुरू कराया। इस संबंध में सीएमएचओ डॉ. डी.जे. मोहंती ने बताया कि वे कोर्ट के काम से शहर से बाहर हैं। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच कल की जाएगी और जांच के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। यह घटना स्वास्थ्य व्यवस्था में लापरवाही को उजागर करती है। मामले में आगे की कार्रवाई और भविष्य में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति रोकने के लिए उठाए जाने वाले कदमों पर सबकी नजर रहेगी।



Source link