धार में ब्लूबेरी की खेती को बढ़ावा देने के लिए नई पहल शुरू की गई है। इसके तहत विदेशी वैज्ञानिकों ने किसानों को आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया, जिससे उद्यानिकी फसलों में जिले को नई पहचान मिलने की उम्मीद है। यह पहल मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप उद्यानिकी फसलों का क्लस्टर विकसित करने के उद्देश्य से की गई है। उद्यान उप संचालक नीरज सांवलिया ने बताया कि कलेक्टर प्रियंक मिश्रा द्वारा तैयार की गई कार्ययोजना को शासन से स्वीकृति मिल चुकी है। रुपाखेड़ा, तिलगारा पर काम शुरू वर्तमान में बदनावर विकासखंड के ग्राम रुपाखेड़ा, तिलगारा, जाबड़ा और नाहरखेड़ा में इस योजना पर काम शुरू हो गया है। इसी क्रम में ग्राम तिलगारा में किसानों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित फॉलक्रीक संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. रणजीत रंधावा और नेवा प्लांटेशन, पालमपुर (हिमाचल प्रदेश) के डॉ. ललित पाटीदार ने किसानों को ब्लूबेरी की उन्नत खेती, ट्रेनिंग-प्रूनिंग, रोग प्रबंधन और उत्पादन बढ़ाने के तरीके बताए। साथ ही किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। इस अवसर पर उद्यानिकी विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
Source link