45 दिन में कमाई! ₹10000 की लागत में ₹70000 मुनाफा, भिंडी की सुपरहिट किस्में

45 दिन में कमाई! ₹10000 की लागत में ₹70000 मुनाफा, भिंडी की सुपरहिट किस्में


Last Updated:

Agriculture News: आर्थिक दृष्टि से भी भिंडी की खेती किसानों के लिए फायदेमंद साबित हो रही है. अवनीश पटेल ने लोकल 18 से कहा कि एक एकड़ में भिंडी की खेती की लागत 10 से 12 हजार रुपये आती है और मुनाफा 60 से 70 हजार रुपये तक हो सकता है.

सीधी. मध्य प्रदेश में गर्मी के मौसम में भिंडी की खेती किसानों के लिए एक बेहतरीन कमाई का साधन बनती जा रही है. यह एक प्रमुख नगदी फसल है, जो कम समय में तैयार होकर अच्छा मुनाफा देती है. खासतौर पर मार्च और अप्रैल में इसकी बुवाई करने से किसानों को अच्छा दाम मिल सकता है. मध्य प्रदेश के सीधी के किसान सलाहकार अवनीश पटेल ने लोकल 18 को जानकारी देते हुए बताया कि भिंडी की खेती ज्यादा मेहनत वाली फसल नहीं है. यदि किसान सही समय पर बुवाई करें, तो कम समय में अच्छी पैदावार हासिल कर सकते हैं. गर्मी के मौसम में भिंडी की मांग तेजी से बढ़ती है, जिससे बाजार में इसके दाम भी बेहतर मिलते हैं और किसानों को सीधा फायदा होता है.

उन्होंने बताया कि भिंडी की खेती के लिए दोमट और बलुई मिट्टी सबसे उपयुक्त मानी जाती है. खेत में जल निकासी की अच्छी व्यवस्था होना बेहद जरूरी है ताकि फसल खराब न हो. बुवाई से पहले खेत की गहरी जुताई की जाती है और उसमें गोबर की खाद या अन्य जैविक खाद मिलाकर मिट्टी को उपजाऊ बनाया जाता है. इसके बाद खेत को समतल कर बीजों की बुवाई की जाती है. खुरपी या लाइन विधि से बुवाई करने पर खरपतवार कम उगते हैं और फसल की देखभाल आसान हो जाती है.

45 से 50 दिनों के भीतर तैयार
भिंडी की खासियत यह है कि इसकी फसल बुवाई के करीब 45 से 50 दिनों के भीतर तैयार होने लगती है. इससे किसानों को जल्दी आमदनी मिलती है और एक बार बुवाई करने के बाद कई महीनों तक लगातार उत्पादन मिलता रहता है. अवनीश पटेल के अनुसार, मार्च में अगेती खेती के लिए एडवांटा की राधिका, सिजेंटा की देवा और ननहेम्स की शिवांश जैसी हाइब्रिड किस्में काफी अच्छी मानी जाती हैं. इन किस्मों की फलियां सीधी, गहरे हरे रंग की होती हैं और ये पीला मोजेक वायरस के प्रति काफी हद तक प्रतिरोधी होती हैं, जिससे उत्पादन पर असर कम पड़ता है.

मुनाफा 60 से 70 हजार रुपये
आर्थिक दृष्टि से भी भिंडी की खेती किसानों के लिए लाभकारी साबित हो रही है. अवनीश पटेल ने बताया कि एक एकड़ में भिंडी की खेती की लागत 10 से 12 हजार रुपये आती है जबकि मुनाफा 60 से 70 हजार रुपये तक हो सकता है. गर्मियों में इसकी मांग और बिक्री दोनों अधिक रहती हैं, जिससे किसानों को अच्छे दाम मिलते हैं.

About the Author

Rahul Singh

राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.



Source link