खेत खाली हैं? गर्मी में मूंगफली की इन किस्मों से करें बंपर कमाई, पैदावार देगी भरपूर इनकम

खेत खाली हैं? गर्मी में मूंगफली की इन किस्मों से करें बंपर कमाई, पैदावार देगी भरपूर इनकम


होमताजा खबरकृषि

गर्मी में मूंगफली की इन किस्मों से करें बंपर कमाई, पैदावार देगी भरपूर इनकम

Last Updated:

Mungfali Ki Kheti: मूंगफली की खेती उन किसानों के लिए फायदे का सौदा साबित हो सकती है, जो कम समय में ज्यादा मुनाफा कमाना चाहते हैं. सही समय, सही किस्म और सही तकनीक अपनाकर किसान अपनी आय को बढ़ा सकते हैं और खाली पड़े खेतों का भी बेहतर उपयोग कर सकते हैं.

Mungfali Ki Kheti: गेहूं, चना और आलू की फसल निकलने के बाद खेत अक्सर खाली पड़े रह जाते हैं… लेकिन अगर किसान चाहें तो इसी समय मूंगफली की खेती करके अच्छी कमाई कर सकते हैं. खास बात ये है कि मूंगफली की कुछ उन्नत किस्में 100 से 110 दिन में तैयार हो जाती हैं और 25 से 28 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तक पैदावार देती हैं. ऐसे में गर्मी के मौसम में ये फसल किसानों के लिए बेहतर विकल्प बनकर सामने आ रही है. कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि अप्रैल से जून के बीच का समय मूंगफली की बुआई के लिए काफी उपयुक्त माना जाता है. इस समय बोई गई फसल जल्दी तैयार होती है और उत्पादन भी अच्छा मिलता है। खासकर जिन क्षेत्रों में सिंचाई के साधन सीमित हैं, वहां भी मूंगफली की खेती आसानी से की जा सकती है.

जब हमने इस बारे में कृषि विशेषज्ञों से बात की, तो उन्होंने बताया कि मूंगफली की अच्छी फसल के लिए तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से कम होना चाहिए। बुआई से पहले खेत की 2 से 3 बार हल्की जुताई करना जरूरी है, ताकि मिट्टी भुरभुरी हो जाए. इसके बाद हल्की सिंचाई करने से बीज का अंकुरण अच्छा होता है। कई किसान स्प्रिंकलर से 5 से 6 घंटे तक सिंचाई करते हैं, जिससे बीज की पकड़ मजबूत हो जाती है.

कृषि सलाहकार नरेंद्र पटेल के मुताबिक, रेतीली या चिकनी मिट्टी वाले खेतों में ज्यादा गहरी जुताई नहीं करनी चाहिए. ऐसा करने से मूंगफली के फल ज्यादा नीचे चले जाते हैं, जिससे उन्हें निकालना मुश्किल होता है और उत्पादन पर भी असर पड़ता है. वहीं, बुआई से पहले बीजों का शोधन करना भी जरूरी बताया गया है. इसके लिए किसान थायरम या कैप्टान दवा का उपयोग कर सकते हैं, जिससे फफूंद जनित बीमारियों से बचाव होता है. इसके अलावा बुआई के समय पंक्तियों के बीच करीब 30 सेंटीमीटर और पौधों के बीच 10 सेंटीमीटर की दूरी रखना सही माना जाता है.

मूंगफली की फसल में सिंचाई का ध्यान रखना
मूंगफली की फसल में सिंचाई का भी खास ध्यान रखना पड़ता है. विशेषज्ञों के अनुसार, फूल और फल बनने के समय फसल को सबसे ज्यादा पानी की जरूरत होती है, ऐसे में उस समय सही तरीके से सिंचाई करना जरूरी होता है, तभी अच्छा उत्पादन मिल पाता है. अगर किस्मों की बात करें तो जेजीएन-3, जेजीएन-23, टीजी-37, जेएल-501 और फुले प्रगति जैसी किस्में किसानों के बीच काफी लोकप्रिय हैं. ये किस्में कम समय में तैयार होने के साथ-साथ अच्छा उत्पादन भी देती हैं. कुछ किस्मों में तेल की मात्रा ज्यादा होती है, जिससे बाजार में अच्छे दाम मिलने की संभावना रहती है.

देखा जाए तो मूंगफली की खेती उन किसानों के लिए फायदे का सौदा साबित हो सकती है, जो कम समय में ज्यादा मुनाफा कमाना चाहते हैं. सही समय, सही किस्म और सही तकनीक अपनाकर किसान अपनी आय को बढ़ा सकते हैं और खाली पड़े खेतों का भी बेहतर उपयोग कर सकते हैं.

About the Author

Deepti Sharma

Deepti Sharma, currently working with News18MPCG (Digital), has been creating, curating and publishing impactful stories in Digital Journalism for more than 6 years. Before Joining News18 she has worked with Re…और पढ़ें



Source link