गंजबासौदा शहर में चैत्र नवरात्रि पर्व पर शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए गुरुवार रात पुलिस प्रशासन ने अनूठी पहल की। टीआई संजय वेदिया और यातायात निरीक्षक निरपत सिंह लोधी ने अपने दलबल के साथ दोपहिया वाहनों पर सवार होकर पूरे नगर का निरीक्षण क
.
अधिकारियों ने बताया कि इस मोबाइल गश्त का मुख्य उद्देश्य मंदिरों में उमड़ने वाली भीड़ के बीच सुरक्षा इंतजामों को परखना और यातायात को सुगम बनाए रखना था।
प्रमुख मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था देखीं
रात करीब 9 बजे शुरू हुए इस भ्रमण के दौरान पुलिस टीम शहर के प्रतिष्ठित श्री शीतला शक्ति धाम मंदिर, नौलखा मंदिर और सिद्धेश्वरी माता मंदिर पहुंची। थाना निरीक्षक संजय वेदिया ने अष्टमी के अवसर पर उमड़ने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए तैनात पुलिस बल से चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों ने बताया कि त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए माता मंदिरों के समीप अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर
पुलिस का यह काफिला शहर थाने से शुरू होकर जय स्तंभ चौराहा, स्टेशन रोड, त्योंदा रोड और बरेठ रोड जैसे मुख्य मार्गों से गुजरा। इस दौरान रेलवे स्टेशन और बहलोट बायपास जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में भी असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की निगरानी की गई। पुलिस के इस फ्लैग मार्च नुमा भ्रमण से आम जनता के बीच सुरक्षा का भाव जागृत हुआ है।

पार्किंग व्यवस्था का जायजा लिया
भ्रमण में शामिल यातायात निरीक्षक निरपत सिंह लोधी ने विशेष रूप से मंदिरों के आसपास वाहनों की पार्किंग व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात जवानों को निर्देश दिए कि वाहनों को व्यवस्थित रूप से खड़ा कराया जाए ताकि मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति न बने और श्रद्धालुओं को आवागमन में असुविधा न हो।