मैहर से ट्रेन में सागर के खुरई स्टेशन की यात्रा कर रहे एक परिवार की बेटी सागर रेलवे स्टेशन पर उतर गई। परिवार ट्रेन में आगे चला गया। मामले की शिकायत मिलते ही पुलिस और जीआरपी ने तलाश शुरू की। सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और बालिका को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया गया। परिवार को सूचना देकर बालिका को सुरक्षित उन्हें सौंप दिया गया है। जानकारी के अनुसार, मैहर क्षेत्र का एक परिवार ट्रेन में सागर जिले के खुरई की यात्रा कर रहा था। परिवार कटाई का काम करने सागर आया था। सफर के दौरान ट्रेन सागर रेलवे स्टेशन पर पहुंची। तभी 7 वर्षीय बालिका स्टेशन पर उतर गई। लेकिन परिवार ट्रेन में सोता रहा और आगे निकल गया। परिवार के सदस्यों की आंख खुली तो बेटी नहीं थी। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने तलाश शुरू की। स्टेशन पहुंचकर जीआरपी की मदद ली गई। पुलिस और जीआरपी की टीम ने स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तभी बालिका की लोकेशन मिली और स्टेशन के पास से उसे सुरक्षित बरामद किया गया। पुलिस ने परिवार को सूचना दी और पुलिस कंट्रोल रूम बुलाया। कंट्रोल रूम में पुलिस ने बालिका को सुरक्षित परिवार के हवाले कर दिया है। बेटी को सुरक्षित पाकर मां की आंखों से आंसू झलक उठे। बालिका को तलाशने वाली टीम में उप निरीक्षक आरकेएस चौहान, एफआरबी गोपालगंज से प्रधान आरक्षक कमलेश मिश्रा, पायलट विक्रांत सिंह और जीआरपी के जवान शामिल थे।
Source link