Last Updated:
दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज मुकेश कुमार ने कहा कि मोहम्मद शमी ने उनकी गेंदबाजी में सुधार के लिए बहुत ज्यादा मदद की है. मुकेश और शमी घरेलू क्रिकेट में एक साथ बंगाल के लिए खेलते हैं. मुकेश अक्सर शमी से गेंदबाजी में टिप्स लेते रहते हैं. पिछले सीजन में मुकेश का प्रदर्शन आईपीएल में औसत रहा था.
मोहम्मद शमी को बड़ा भाई मानते हैं मुकेश कुमार
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मुकेश कुमार आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलेंगे. अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में ट्रेनिंग सेशन के बाद मुकेश ने पत्रकारों से बातचीत की. इस दौरान उन्होंने अपनी गेंदबाजी के साथ-साथ दिग्गज मोहम्मद शमी को लेकर एक बड़ा बयान दिया. मुकेश ने अपनी गेंदबाजी स्किल्स के विकास में अनुभवी शमी की अहम भूमिका को स्वीकार करते हुए कहा कि यह दिग्गज खिलाड़ी लगातार उन्हें मार्गदर्शन देते रहते हैं.
उन्होंने कहा, ‘‘मैं उनसे बहुत कुछ सीखता हूं. वह कई सालों से भारत के लिए खेल रहे हैं और अब भी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं. जब भी मैं किसी मुश्किल में होता हूं या चीजें ठीक नहीं चल रही होतीं, तो मैं उनके पास जाता हूं और सवाल पूछता हूं. वह हमेशा मेरी मदद करते हैं.’’ बंगाल के इस तेज गेंदबाज का 2025-26 घरेलू सत्र शानदार रहा, जिसमें उन्होंने सभी प्रारूपों में 30 से अधिक विकेट लेकर अपनी अनुशासित गेंदबाजी और क्षमता से प्रभावित किया.
पिछले सीजन में दिल्ली के लिए मुकेश का प्रदर्शन रहा था औसत
मुकेश ने पिछली बार 2023 के अंत में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एकदिवसीय मैच में भारत का प्रतिनिधित्व किया था. तब से वह परिणामों के बजाय प्रक्रिया पर ध्यान केंद्रित करते हुए टीम में वापसी की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘‘मैं विश्व कप या बड़े टूर्नामेंट के बारे में बहुत आगे की नहीं सोचता. मेरा ध्यान इस बात पर है कि आज मुझे क्या करना है, अभ्यास में कैसे सुधार करना है, कौन-कौन सी नई विविधताएं जोड़ सकता हूं और अलग-अलग बल्लेबाजों के खिलाफ कैसे तैयारी करनी है.’’
आईपीएल में मुकेश ने पिछले सत्र में दिल्ली कैपिटल्स के लिए 10 मैचों में सात विकेट लिए और अक्सर अंतिम ओवरों में गेंदबाजी की जिम्मेदारी संभाली. उनका प्रदर्शन हालांकि मिश्रित रहा. इस 30 वर्षीय गेंदबाज ने कहा कि वह सटीक गेंदबाजी, खासकर यॉर्कर और टी20 क्रिकेट के अनुरूप विविधताओं पर लगातार काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘‘चाहे यॉर्कर हो या वाइड यॉर्कर, आपको लगातार सुधार करते रहना होता है. परिस्थितियां और मैच की स्थिति आपको खुद को ढालने की मांग करती हैं.’’
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें