इंदौर ट्रक ऑपरेटर्स एंड ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (आईटीओटीए) ने प्रदेश में यात्री बसों के जरिए विस्फोटक और खतरनाक सामग्री (पटाखा/बारूद) के अवैध परिवहन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। इस संबंध में एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर सख्त कार्रवाई की अपील की है। बता दें कि हाल ही में भोपाल के आईएसबीटी बस स्टैंड पर भोपाल के 2 पटाखा व्यापारियों का वीडियो सामने आया था, जिसमें वह बस ऑपरेटर्स से पटाखे बस में रखने के लिए दबाव बना रहे थे। एसोसिएशन ने भी अपने पत्र में भोपाल में हाल ही में सामने आए मामले का हवाला देते हुए कहा कि बस संचालकों और व्यापारियों के बीच विस्फोटक सामग्री के परिवहन को लेकर विवाद की घटना ने पूरे प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह मामला न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि यात्रियों की जान के साथ गंभीर खिलवाड़ भी है। हो सकता है बड़ा हादसा पत्र में स्पष्ट किया गया है कि यात्री बसों का परमिट केवल यात्रियों के आवागमन के लिए होता है, न कि भारी माल या खतरनाक रसायनों के व्यावसायिक परिवहन के लिए। इसके बावजूद बसों में पटाखे और अन्य ज्वलनशील पदार्थों की ढुलाई लगातार की जा रही है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। एसोसिएशन ने यह भी आरोप लगाया कि अवैध परिवहन के चलते राज्य और केंद्र सरकार को जीएसटी के रूप में भारी राजस्व नुकसान हो रहा है। बसों के जरिए बिना बिल के माल ढुलाई से सरकारी खजाने को सीधा नुकसान पहुंच रहा है। एसोसिएशन ने प्रशासन से मांग की है कि दोषी पटाखा व्यापारियों और बस मालिकों पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाए। साथ ही परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन को निर्देशित किया जाए कि बसों की नियमित और सघन जांच हो, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। एसोसिएशन ने कहा कि जनहित और यात्री सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए इस संवेदनशील मुद्दे पर सरकार को जल्द और ठोस निर्णय लेना चाहिए।
Source link