विदिशा में शॉर्ट सर्किट से खेत में लगी आग: 12 बीघा फसल जलकर राख, किसान को लाखों का नुकसान – Vidisha News

विदिशा में शॉर्ट सर्किट से खेत में लगी आग:  12 बीघा फसल जलकर राख, किसान को लाखों का नुकसान – Vidisha News




विदिशा के गोकुलधाम जतरापुरा क्षेत्र में शॉर्ट सर्किट के कारण एक खेत में खड़ी फसल में भीषण आग लग गई। इस घटना में लगभग 12 बीघा फसल जलकर राख हो गई, जिससे किसान को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। सूचना मिलने पर दमकल विभाग और स्थानीय लोगों ने मिलकर आग पर काबू पाया। यह घटना मंगलवार को हुई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते खेत का एक बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। पास के खेतों में काम कर रहे किसानों और खेत मालिक ने तुरंत ट्रैक्टरों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और साथ ही दमकल विभाग को सूचना दी। स्थानीय लोगों और दमकल टीम के संयुक्त प्रयासों से आग पर नियंत्रण पा लिया गया, लेकिन तब तक करीब 12 बीघा क्षेत्र में खड़ी फसल पूरी तरह नष्ट हो चुकी थी। कुल 15 बीघा खेत में से मात्र 3 बीघा फसल ही बच पाई। पीड़ित किसान आशिफ के अनुसार, इस आगजनी में उन्हें लगभग ढाई से तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि शॉर्ट सर्किट होते ही धुआं उठने लगा और कुछ ही देर में आग तेजी से फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही तहसीलदार प्रीति पंथी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने पटवारी के साथ मिलकर नुकसान का आकलन किया। भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए बिजली विभाग को क्षेत्र में आवश्यक रखरखाव कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।



Source link