Last Updated:
Sagar News: पुस्तक मेले में कॉपी-किताबों पर काफी अच्छा डिस्काउंट दिया जा रहा है. 23 मार्च से शुरू हुआ यह मेला 29 मार्च तक चलेगा. अभिभावक यहां दोपहर 3:30 बजे से लेकर रात 8:30 बजे तक खरीदारी कर सकते हैं.
सागर. मध्य प्रदेश के सागर में नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने से पहले लगाया गया पुस्तक मेला अभिभावकों के लिए बड़ी राहत दे रहा है क्योंकि यहां पर किताबों पर पांच फीसदी से लेकर 15 फीसदी तक का डिस्काउंट मिल रहा है, तो वहीं कॉपी-रजिस्टर पर 20 से लेकर 70 प्रतिशत तक डिस्काउंट दिया जा रहा है. पुस्तक मेले को लेकर अभिभावकों का कहना है कि स्कूल शुरू होने से पहले जो एक प्लेटफॉर्म दिया गया है, जहां से कॉपी-किताब, रजिस्टर, पेंसिल, बैग, यूनिफॉर्म जैसी चीजें कम दाम में मिल रही हैं, तो इससे कुछ हद तक राहत मिली है क्योंकि स्टेशनरी पर जाने पर कई बार कहने के बाद भी डिस्काउंट नहीं मिलता था लेकिन यहां बिना कहे ही डिस्काउंट मिल रहा है, तो यह अच्छी बात है.
सागर शहर के मुख्य बस स्टैंड के पास स्थित एमएलबी स्कूल में यह पुस्तक मेला लगाया गया है. मेले में शहरभर के 50 से अधिक स्टेशनरी दुकानदारों द्वारा अपने स्टॉल लगाए गए हैं, जहां पेन, पेंसिल से लेकर कॉपी-किताब यहां तक की यूनिफॉर्म भी मिल रही है. इसमें सबसे अधिक डिस्काउंट कॉपी और रजिस्टर पर दिया जा रहा है. 100 रुपये में चार कॉपी, एक कॉपी के साथ दो कॉपी फ्री, एक रजिस्टर के साथ एक रजिस्टर फ्री, इसके अलावा 40 से 70 फीसदी तक डिस्काउंट मिल रहा है. मध्य प्रदेश पाठ्यक्रम की पुस्तकों पर 10 फीसदी का डिस्काउंट है. एनसीईआरटी की बुक्स पर 5 प्रतिशत का डिस्काउंट चल रहा है. यूनिफॉर्म पर 15 और पेंसिल पर 10 प्रतिशत का डिस्काउंट दिया जा रहा है.
29 मार्च तक चलेगा पुस्तक मेला
पुस्तक मेला 23 मार्च से शुरू हुआ. यह 29 मार्च तक चलेगा. यहां पर रोजाना दोपहर 3:30 बजे से लेकर रात 8:30 बजे तक अभिभावक खरीदी कर सकते हैं. मेले में लगातार अभिभावकों की संख्या बढ़ रही है, जिसको देखते हुए यहां पर और स्टॉल बढ़ाए जाने की व्यवस्था की जा रही है.
4000 रुपये की किताब 3200 रुपये में
वात्सल्य स्कूल की सेकंड और थर्ड क्लास की बुक्स लेने आई प्रिया ने लोकल 18 से कहा कि जो किताब बाहर 4000 रुपये की मिल रही है, वह यहां लगभग 3200 रुपये में मिल गई. अभिभावकों को मेले से काफी राहत मिल रही है. स्टेशनरी संचालक बृजेश केशरबानी ने कहा कि उनके द्वारा कॉपी-रजिस्टर व स्टेशनरी से संबंधित अन्य चीजें मेले में रखी गई हैं. वह कॉपियों पर 50 फीसदी का डिस्काउंट दे रहे हैं. किताबें बेचने वाले कुछ दुकानदार हम लोगों की दुकान नहीं लगने दे रहे क्योंकि हम ज्यादा डिस्काउंट दे रहे हैं, तो उन्हें दिक्कत हो रही है. नमन स्टेशनरी के संचालक ने कहा कि उनके द्वारा कॉपियों पर 70 फीसदी तक का डिस्काउंट दिया जा रहा है. बाजार में जो कॉपी 70 रुपये की मिलती है, उसको वह 25 रुपये में दे रहे हैं.
स्टेशनरी संचालकों पर होगी कार्रवाई
वहीं निजी स्कूलों की किताबें खरीदने आए कुछ अभिभावकों को निराशा भी हाथ लगी. उन्हें वे किताबें नहीं मिलीं, जिनको वह चाह रहे थे क्योंकि स्टेशनरी संचालक उन स्कूलों की किताबें नहीं बेच रहे हैं और वे जो बेच रहे हैं, वे चुने हुए स्कूलों की हैं. किताबें उपलब्ध नहीं होने पर अभिभावकों को खाली हाथ लौटना पड़ा. इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन ने कहा कि सागर और मकरोनिया के अधिकांश स्कूलों की किताबें आसानी से मिल रही हैं. कुछ स्टेशनरी संचालकों के न आने की शिकायत मिली है. उनके बारे में प्रशासन को सूचित करेंगे, जिससे कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके. हम भी यह प्रयास करेंगे कि वे सभी गुरुवार से इस मेले में उपस्थित हों ताकि कोई भी अभिभावक निराश होकर नहीं लौटे.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.