उज्जैन के नानाखेड़ा थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी आशीष सारवान सहित 6 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों का थाना क्षेत्र में जुलूस भी निकाला। इस मामले में 3 आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। मामला 20 मार्च का है, जब यश भार्गव (27) पर पुरानी रंजिश के चलते आशीष सारवान और उसके साथियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया था। हमले में यश गंभीर रूप से घायल हो गया था और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दबिश के बाद 6 आरोपी गिरफ्तार घटना के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर एक विशेष टीम का गठन किया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर 25 मार्च को तारामंडल क्षेत्र से मुख्य आरोपी आशीष सारवान को पकड़ा गया। उसकी निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इससे पहले, 22 मार्च को एक महिला आरोपी को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और घटना में इस्तेमाल किए गए लाठी-डंडों सहित अन्य साक्ष्य जुटा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में आशीष उर्फ पिंटू, विजय उर्फ टोनी, राजा उर्फ राजेश, राहुल उर्फ अनमोल, विजेन्द्र उर्फ राजेश और पंकज उर्फ पंकेश शामिल हैं। विक्की चौहान, सागर सूर्यवंशी और सौरभ नामक तीन आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। इस पूरी कार्रवाई को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (पश्चिम) गुरुप्रसाद पाराशर, सीएसपी श्वेता गुप्ता और थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार यादव की टीम ने अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link