IPL में चोटिल खिलाड़ियों की जगह कैसे होती है नई एंट्री… जानें पूरा गणित

IPL में चोटिल खिलाड़ियों की जगह कैसे होती है नई एंट्री… जानें पूरा गणित


होमखेलक्रिकेट

IPL में चोटिल खिलाड़ियों की जगह कैसे होती है नई एंट्री… जानें पूरा गणित

Last Updated:

IPL Player Replacement Rule: आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले चोट और निजी कारणों से खिलाड़ियों के हटने का सिलसिला जारी है. बेन डकेट और मिचेल स्टार्क जैसे सितारों के बाहर होने से टीमों के समीकरण बिगड़ गए हैं. जानें बीसीसीआई के ‘रिप्लेसमेंट पूल’ के गुप्त नियम, सैलरी कैप का गणित और वह सख्त नियम जिसके तहत बिना ठोस कारण नाम वापस लेने वाले विदेशी खिलाड़ियों पर 2 साल का कड़ा प्रतिबंध लग सकता है.

Zoom

आईपीएल में रिप्लेसमेंट नियम क्या है.

नई दिल्ली. इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है. लेकिन पहली गेंद फेंके जाने से पहले ही लीग पर खिलाड़ियों के नाम वापस लेने का ‘ग्रहण’ लग गया है. इस साल अप्रत्याशित रूप से कई बड़े सितारों ने चोट, फिटनेस और निजी कारणों से टूर्नामेंट से हाथ खींच लिए हैं. इसने न केवल फ्रेंचाइजियों के समीकरण बिगाड़ दिए हैं, बल्कि अनसोल्ड खिलाड़ियों के लिए किस्मत के बंद दरवाजे भी खोल दिए हैं. सीजन शुरू होने से पहले ही टीमों को तगड़े झटके लगे हैं. रिप्लेसमेंट की इस बाढ़ के पीछे मुख्य रूप से चार बड़े कारण सामने आए हैं.

कई प्रमुख खिलाड़ियों को ऐसी चोटें लगी हैं जिन्हें ठीक होने में महीनों लगेंगे. श्रीलंका के नुवान तुषारा जैसे गेंदबाजों को उनके बोर्ड ने फिटनेस समस्याओं के चलते अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) देने से इनकार कर दिया है. मिचेल स्टार्क जैसे दिग्गजों को उनके घरेलू क्रिकेट बोर्ड ने कार्यभार प्रबंधन (Workload Management) के तहत रोक लिया है. इंग्लैंड के बेन डकेट ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर पर ध्यान केंद्रित करने के लिए आईपीएल से नाम वापस लेकर सबको चौंका दिया है.

आईपीएल में रिप्लेसमेंट नियम क्या है.

रिप्लेसमेंट का गणित
जब कोई खिलाड़ी बाहर होता है, तो फ्रेंचाइजी के पास ‘रजिस्टर उपलब्ध खिलाड़ी पूल’ (Registered Available Player Pool) से रिप्लेसमेंट चुनने का अधिकार होता है. केवल वही खिलाड़ी रिप्लेसमेंट बन सकता है जिसने ऑक्शन के लिए अपना नाम रिजिस्टर्ड कराया था लेकिन वह ‘अनसोल्ड’ रहा हो. दिलचस्प बात यह है कि बीसीसीआई इस पूल को सार्वजनिक नहीं करता है. केवल उन खिलाड़ियों की लिस्ट सामने आती है जिन्हें 10 फ्रेंचाइजियों की दिलचस्पी के आधार पर शॉर्टलिस्ट किया गया था.
बीसीसीआई ने अब टीमों को बड़ी राहत दी है. अब टीमें अपने 12वें लीग मैच तक रिप्लेसमेंट खिलाड़ी साइन कर सकती हैं, जबकि पहले यह समय सीमा केवल 7वें मैच तक ही थी.

सैलरी कैप और ‘लाइक-फॉर-लाइक’ का नियम
नियमों के अनुसार, रिप्लेसमेंट खिलाड़ी की सैलरी उस खिलाड़ी की नीलामी कीमत से अधिक नहीं हो सकती जिसकी जगह वह आ रहा है. यह नियम इसलिए बनाया गया है ताकि टीमें अपने ‘सैलरी कैप’ की मर्यादा न लांघें. एक और अहम पहलू यह है कि रिप्लेसमेंट के लिए ‘लाइक-फॉर-लाइक’ (गेंदबाज के बदले गेंदबाज) होना जरूरी नहीं है. इसका सबसे बड़ा उदाहरण चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने पेश किया है. सीएसके ने चोटिल भारतीय तेज गेंदबाज गुरजपनीत सिंह की जगह दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस को शामिल किया है. ब्रेविस को उसी कीमत (2.2 करोड़) पर साइन किया गया है जो उन्हें नीलामी में मिल सकती थी.

बेन डकेट पर लटकी तलवार
बीसीसीआई अब अचानक नाम वापस लेने वाले विदेशी खिलाड़ियों के खिलाफ बेहद सख्त हो गया है. फ्रेंचाइजी के निवेश और टीम संतुलन की रक्षा के लिए नए नियम बनाए गए हैं.अगर कोई नीलामी में बिका हुआ विदेशी खिलाड़ी बिना किसी प्रमाणित चोट या बोर्ड की अनुमति के ऐन वक्त पर नाम वापस लेता है, तो उस पर 2 साल का कड़ा प्रतिबंध लगाया जाएगा. वह न तो मैच खेल पाएगा और न ही अगली नीलामी में हिस्सा ले सकेगा. इंग्लैंड के बेन डकेट ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को प्राथमिकता देते हुए नाम वापस लिया है, लेकिन यदि बीसीसीआई उनके तर्क को ‘असाधारण’ नहीं मानता है, तो उन पर यह दो साल का बैन लग सकता है.

मेडिकल रूल्स और रिटेंशन की शर्तें
यदि कोई खिलाड़ी स्वास्थ्य कारणों (Medical Grounds) से आधिकारिक रूप से बदला जाता है, तो वह उस पूरे सीजन के लिए बाहर हो जाता है और वापस नहीं आ सकता. हालांकि, फ्रेंचाइजी उसे अगले साल के लिए रिटेन कर सकती है. पिछले साल बीसीसीआई ने इंटरनेशनल प्रतिबद्धताओं के कारण ‘अस्थायी रिप्लेसमेंट’ की अनुमति दी थी, लेकिन ऐसे खिलाड़ी अगले वर्ष रिटेंशन के पात्र नहीं थे. इस साल के सख्त नियमों ने टीमों को अधिक सतर्क कर दिया है.

About the Author

Kamlesh Raiचीफ सब एडिटर

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें



Source link