कर्मचारी चयन मंडल (ESB) द्वारा आयोजित एएसआई और प्रधान आरक्षक भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया है कि पेपर C को निर्धारित तिथि से एक दिन पहले ही आयोजित कर लिया गया, जबकि एडमिट कार्ड में इसका कोई उल्लेख नहीं था। इससे सैकड़ों अभ्यर्थी परीक्षा देने से वंचित रह गए। नाराज अभ्यर्थियों ने भोपाल स्थित ईएसबी कार्यालय पहुंचकर सामूहिक शिकायत दर्ज कराई और परीक्षा दोबारा कराने की मांग की है। पूरे मामले ने भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले में ईएसबी का कहना है कि वे इस पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। ऐसी स्थिति यदि बनी है तो इसके पीछे का क्या कारण है?, इसकी समीक्षा के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। पेपर C एक दिन पहले कराने का आरोप अभ्यर्थियों का कहना है कि जब वे 25 मार्च को परीक्षा देने केंद्र पहुंचे, तब उन्हें जानकारी मिली कि पेपर C 24 मार्च को ही आयोजित हो चुका है। जबकि एडमिट कार्ड में केवल 25 मार्च की परीक्षा का ही उल्लेख था। इससे बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा से वंचित रह गए। शिकायत के अनुसार, 24 मार्च को हुई परीक्षा में केवल 5 से 10 प्रतिशत अभ्यर्थी ही शामिल हुए, जबकि 25 मार्च को 80 से 90 प्रतिशत अभ्यर्थियों की उपस्थिति थी। ऐसे में अभ्यर्थियों ने इसे बड़ी अनियमितता बताते हुए पूरी प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। जबलपुर सेंटर पर हुआ विवाद ग्वालियर से आवेदन करने वाले एक अभ्यर्थी ने बताया कि उनका सेंटर जबलपुर के नचिकेता इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी में था। जब वे परीक्षा देने पहुंचे तो वहां बताया गया कि उनका पेपर पहले ही हो चुका है। अभ्यर्थियों ने विरोध किया तो उन्हें बताया गया कि एक दिन पहले 20-25 छात्रों ने परीक्षा दी थी। एडमिट कार्ड को लेकर भी उठे सवाल अभ्यर्थियों का आरोप है कि 24 मार्च की रात तक उनके एडमिट कार्ड जारी नहीं हुए थे। ऐसे में एक दिन पहले परीक्षा कराना समझ से परे है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब एडमिट कार्ड में जानकारी ही नहीं थी, तो परीक्षा कैसे आयोजित कर ली गई। अभ्यर्थियों ने केंद्र पर मौजूद ऑब्जर्वर को लिखित शिकायत भी दी। शुरुआत में उन्हें आश्वासन दिया गया कि परीक्षा देने के बाद मामले पर चर्चा होगी, लेकिन परीक्षा खत्म होने के बाद स्पष्ट जवाब देने से इनकार कर दिया गया। ईएसबी कार्यालय पहुंचकर की शिकायत करीब 30 से अधिक अभ्यर्थियों ने भोपाल पहुंचकर ईएसबी कार्यालय में सामूहिक रूप से शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने मांग की है कि इस गड़बड़ी को देखते हुए परीक्षा दोबारा कराई जाए, ताकि सभी को समान अवसर मिल सके। अभ्यर्थियों का कहना है कि यदि समय रहते इस गड़बड़ी को नहीं सुधारा गया तो कई योग्य उम्मीदवार अवसर से वंचित रह जाएंगे।
Source link