इंदौर के एमजी रोड थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में 15 वर्षीय किशोर की जान चली गई। स्नेहलतागंज स्थित श्री हरि बिल्डिंग में AC लगाने के दौरान किशोर ऊंचाई से गिर गया। गंभीर हालत में उसे एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक मृतक नैतिक उर्फ नारायण (15) पिता कमल चौहान, कुलकर्णी का भट्टा क्षेत्र का रहने वाला था। वह ठेकेदार मुकेश मोर्य के साथ AC फिटिंग का काम कर रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह बिल्डिंग से नीचे गिर गया। जांच में सामने आया है कि नैतिक नाबालिग था, इसके बावजूद उससे ऊंचाई पर काम कराया जा रहा था। काम के दौरान उसकी सुरक्षा के लिए न तो सेफ्टी बेल्ट दी गई थी और न ही हेलमेट पहनाया गया था। पुलिस का कहना है कि यदि सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता तो इस हादसे को टाला जा सकता था। मामले में ठेकेदार मुकेश मोर्य और बिल्डिंग मालिक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
Source link