दतिया में जन्म के साथ गूंजा जय श्रीराम का जयघोष: रामनवमी पर उमड़ा आस्था का सैलाब, शहर में देर रात तक हुए भंडारे – datia News

दतिया में जन्म के साथ गूंजा जय श्रीराम का जयघोष:  रामनवमी पर उमड़ा आस्था का सैलाब, शहर में देर रात तक हुए भंडारे – datia News




दतिया में रामनवमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को शहरभर में भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। असनई स्थित रामलला मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। दोपहर ठीक 12 बजे अभिजीत मुहूर्त में भगवान श्रीरामलला के जन्मोत्सव का आयोजन किया गया, जिसे लेकर भक्तों में विशेष उत्साह नजर आया। जैसे ही जन्म का शुभ क्षण आया, मंदिर परिसर जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। पुजारियों ने विधि-विधान से जन्म आरती की। शंख और घंटियों की ध्वनि ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। भजनों और ढोल-नगाड़ों पर झूमे श्रद्धालु मंदिरों में ‘भए प्रगट कृपाला, दीन दयाला’ जैसे भजनों की स्वर लहरियां गूंजती रहीं। श्रद्धालुओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर नृत्य कर जन्मोत्सव का आनंद लिया। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी भक्ति रस में डूबे नजर आए। मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों और रोशनी से सजाया गया था। जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आतिशबाजी भी की गई, जिससे पूरा क्षेत्र उत्सवमय हो गया। आयोजन समितियों द्वारा प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कई मंदिरों में भी आयोजन श्री विजय राघव मंदिर में भी दोपहर 12 बजे आरती हुई और शाम को सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। राजगढ़ चौराहा स्थित नरसिंह टीला हनुमान मंदिर में श्रीरामचरित मानस पाठ के समापन के साथ हवन और पूर्णाहुति की गई। यहां कन्या भोज भी कराया गया। चैत्र नवरात्रि का समापन, शहरभर में भंडारे रामनवमी के साथ चैत्र नवरात्रि का भी समापन हुआ। घर-घर कुलदेवी की पूजा-अर्चना की गई। शहर में 100 से अधिक स्थानों पर भंडारे आयोजित हुए। तिगैलिया से लेकर राजगढ़ चौराहा तक जगह-जगह भंडारे चलते रहे, वहीं गलियों में भी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण किया गया।



Source link