दुनिया के 5 बेरहम बल्लेबाज… जिन्होंने एक ओवर में बनाए सबसे ज्यादा रन

दुनिया के 5 बेरहम बल्लेबाज… जिन्होंने एक ओवर में बनाए सबसे ज्यादा रन


नई दिल्ली. क्रिकेट के खेल में एक ओवर की छह गेंदें किसी भी गेंदबाज के लिए परीक्षा की घड़ी होती हैं. लेकिन जब सामने दुनिया के सबसे खतरनाक बल्लेबाज हों, तो वही छह गेंदें तबाही का मंजर बन जाती हैं. वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में कई बार गेंदबाजों की ऐसी धुनाई हुई है जिसे देख दुनिया दंग रह गई. हम उन 5 विस्फोटक बल्लेबाजों की बात कर रहे हैं जिन्होंने वनडे के एक ओवर में सबसे ज्यादा रन जुटाने का विश्व रिकॉर्ड बनाया है. इस लिस्ट में टॉप के दो नाम ऐसे हैं जिन्होंने छह गेंद पर छह छक्के जड़कर इतिहास के पन्नों में अपना नाम सुनहरे अक्षरों से लिखवा लिया है. वनडे क्रिकेट के इतिहास में पहली बार एक ओवर में 36 रन बनाने का कारनामा दक्षिण अफ्रीका के हर्शल गिब्स ने किया था. साल 2007 के वर्ल्ड कप में दक्षिण अफ्रीका की ओर से खेलते हुए गिब्स से यह कारनामा नीदरलैंड्स के खिलाफ किया था.

हर्शल गिब्स ने नीदरलैंड्स के गेंदबाज डैन वैन बंज (DLS van Bunge) की गेंद पर यह कारनामा किया था. उन्होंने वेस्टइंडीज के सेंट किट्स में खेले गए इस मुकाबले में नीदरलैंड्स के लेग स्पिनर डैन वैन बंज के एक ही ओवर में 6 छक्के जड़ दिए. यह विश्व कप के इतिहास में पहली बार हुआ था. गिब्स ने दिखा दिया कि जब वह अपने रंग में होते हैं, तो बाउंड्री छोटी पड़ जाती है. गिब्स के सालों बाद अमेरिका (USA) की ओर से खेलने वाले भारतीय मूल के बल्लेबाज जसकरण मल्होत्रा ने इस जादुई आंकड़े को दोहराया. जसकरण ने पापुआ न्यू गिनी के खिलाफ ओमान के अल अमरात मैदान पर साल 2021 में गेंदबाज गौड़ी टोका (G Toka) के एक ओवर में लगातार छह छक्के जड़े थे. वह वनडे क्रिकेट में ऐसा करने वाले दुनिया के दूसरे और अमेरिका के पहले बल्लेबाज बने. दिलचस्प बात यह है कि इस मैच में उन्होंने नाबाद 173 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली थी.

वनडे में एक ओवर में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के 5 बल्लेबाज.

थिसारा परेरा ने दक्षिण अफ्रीकी स्पिनर की बखिया उधेड़ी
श्रीलंका के पूर्व ऑलराउंडर थिसारा परेरा अपनी क्लीन हिटिंग के लिए जाने जाते थे. उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एक ओवर में 35 रन बटोरकर कोहराम मचा दिया था.परेरा ने साल 2013 में स्पिन गेंदबाज रॉबिन पीटरसन (Robin Peterson) की गेंद पर यह उपलब्धि हासिल की थी. उन्होंने पल्लेकेले के मैदान पर पीटरसन के ओवर में (6, वाइड, 6, 6, 6, 4, 6) रन बनाए. इसमें एक गेंद वाइड (वाइड) थी, जिसके कारण ओवर में कुल 7 गेंदें फेंकी गईं और परेरा ने गेंदबाज को दिन में तारे दिखा दिए.

‘मिस्टर 360’ एबी डिविलियर्स का रौद्र रूप
जब बात सबसे ज्यादा रन बनाने की हो, तो एबी डिविलियर्स का नाम न आए, ऐसा मुमकिन नहीं है. सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ तबाही मचाई थी. एबीडी ने वेस्टइंडीज के खिलाफ विश्व कप 2014-15 में गेंदबाज जेसन होल्डर (Jason Holder) के एक ओवर में 34 रन बनाए. डिविलियर्स ने होल्डर के ओवर में (4, नोबॉल, 6, 2, नोबॉल, 4, 4, 4, 2, 6) रन बटोरे. दो नो-बॉल की मदद से इस ओवर में कुल 34 रन आए. इसी मैच में डिविलियर्स ने वनडे इतिहास का सबसे तेज शतक (31 गेंद) भी जड़ा था.

श्रीलंका के खिलाफ जिमी नीशम ने एक ओवर में बनाए 34 रन
न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर जिमी नीशम ने भी इस लिस्ट में अपनी जगह बनाई है.उन्होंने श्रीलंका के अनुभवी गेंदबाज थिसारा परेरा (जो खुद इस लिस्ट में नंबर 3 पर हैं) के ओवर में 34 रन ठोक दिए.उन्होंने न्यूजीलैंड बनाम श्रीलंका 2018-19 मैच में थिसारा परेरा (Thisara Perera) की गेंद पर बड़ी उपलब्धि हासिल की थी. माउंट माउंगानुई के मैदान पर नीशम ने परेरा के ओवर में 5 छक्के लगाए. वह ओवर कुछ ऐसा था (6, 6, 6, 6,नोबॉल, 2, 6, 1). नो-बॉल की मदद से इस ओवर में भी कुल 34 रन आए.



Source link