नर्मदापुरम जिले में शुक्रवार को एक 8 माह की गर्भवती महिला द्वारा जहर खाने का मामला सामने आया है। गंभीर हालत में उसे निजी नर्मदा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने तत्काल सीजर ऑपरेशन कर बच्ची को सुरक्षित जन्म दिलाया। फिलहाल महिला की हालत नाजुक बनी हुई है और उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अनन्या रघुवंशी और डॉ. सौरभ रघुवंशी ने महिला की हालत को देखते हुए तत्काल ऑपरेशन का निर्णय लिया। महिला के गर्भ में 8 माह का बच्चा था, जिसे सुरक्षित निकालने के लिए समय से पहले सीजर किया गया। बच्ची को भोपाल रेफर, मां की हालत नाजुक
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार महिला ने बच्ची को जन्म दिया है, लेकिन नवजात की हालत गंभीर होने के कारण उसे भोपाल के रैंबो अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, मां को भी वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है और उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। नवमी पर घर में अकेली थी महिला
पुलिस के मुताबिक लक्ष्मी ठाकुर (26), निवासी ग्राम सुल्तानगर थाना भारकच्छ, का मायका इटारसी में है। उसकी शादी अप्रैल 2025 में सरविंद से हुई थी। पति के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे परिवार के सदस्य नवमी पर कुलदेवी पूजन के लिए घर से बाहर गए थे, जबकि लक्ष्मी घर पर अकेली थी। करीब 10:30 बजे महिला ने फोन कर तबीयत बिगड़ने और उल्टियां होने की जानकारी दी। इसके बाद उसे पहले बकतरा और फिर नर्मदापुरम लाया गया, जहां अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहर खाने का कारण अज्ञात, नहीं हो सके बयान
जहर सेवन की सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार हंसकुमार ओनकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन महिला की गंभीर हालत और वेंटिलेटर पर होने के कारण उसके बयान नहीं हो सके। फिलहाल जहर खाने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। महिला के होश में आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम और कारणों का खुलासा हो सकेगा।
Source link