फंदे से लटका मिला होटल मैनेजर का शव: कमर पर फोले के निशान, CCTV रिकॉर्डिंग डिलीट थी; भाई ने निष्पक्ष जांच की मांग – Damoh News

फंदे से लटका मिला होटल मैनेजर का शव:  कमर पर फोले के निशान, CCTV रिकॉर्डिंग डिलीट थी; भाई ने निष्पक्ष जांच की मांग – Damoh News




दमोह कोतवाली थाना क्षेत्र के स्टेशन चौराहा स्थित सन्मति पैलेस होटल के मैनेजर का शव गुरुवार रात कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर होटल मालिक ने तत्काल पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने शव को बरामद कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान दमोह देहात थाना क्षेत्र के पिपरिया दिगंबर निवासी हल्के (30) पिता प्रमोद साहू के रूप में हुई है। हल्के साहू सन्मति पैलेस होटल में मैनेजर के पद पर कार्यरत था। शव को जिला अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है, जिसे आज शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। कमरे में फंदे पर लटका मिला शव होटल मालिक राजेश जैन ने बताया कि हल्के साहू सुबह पटवारी के पास जाने की बात कहकर निकला था। जब वह काफी देर तक वापस नहीं आया, तो दोपहर में राजेश जैन ने उसे फोन किया, लेकिन उसका फोन बंद था। पटवारी से संपर्क करने पर पता चला कि हल्के उनके पास नहीं आया था। रात में होटल कर्मचारियों ने राजेश जैन को सूचित किया कि एक कमरे का दरवाजा अंदर से बंद है। संदेह होने पर उन्होंने तत्काल मैनेजर के परिजनों और पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया, जहां हल्के साहू का शव फंदे से लटका मिला। घटना के कारणों का पता नहीं पुलिस ने बताया कि मृतक की कमर पर फोले के निशान भी पाए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। होटल मालिक राजेश जैन ने आशंका जताई कि जिस कमरे में शव मिला है, वह हल्के ने किसी यात्री को किराए पर दिया था और यात्री के जाने के बाद मैनेजर ने यह कदम उठाया होगा। हालांकि, घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग डिलीट थी मैनेजर का किसी से कोई विवाद भी नहीं था और होटल में सीसीटीवी कैमरे भी लगे हैं। जिसकी रिकॉर्डिंग भी उसने डिलीट कर दी गई। होटल के सभी कमरों की चाबी भी उसी के पास रहती थी। मृतक की कमर पर फोले के निशान पाए गए हैं जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। मृतक के भाई ने निष्पक्ष जांच की मांग होटल संचालक के अनुसार मैनेजर कुछ कर्ज में था और वह परेशान भी रहता था। इसकी जानकारी उन्होंने उसके परिजनों को भी दी थी। मृतक के भाई विनोद साहू ने बताया कि उन्होंने देहात थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद भाई का शव फंदे से लटका मिला है। उनकी मांग है मामले की निष्पक्ष जांच की जाए। कोतवाली टीआई मनीष कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद वह मौके पर पहुंचे तो कमरे के अंदर मैनेजर का शव फंदे से लटक रहा था। जिसे अस्पताल के शव ग्रह में रखवाया गया है और मर्ग कायम कर मामले में जांच की जा रही है। मृतक की तीन बेटियां और एक बेटा है।



Source link