विदिशा में फर्जी तरीके से प्लॉट की रजिस्ट्री कराने के मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। शिकायत के बाद जांच में मामला सही पाए जाने पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू की थी।
.
यह मामला स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 के पास स्थित एक प्लॉट की फर्जी रजिस्ट्री से संबंधित है। पुलिस ने जांच के उपरांत तपन तिवारी नामक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने फर्जी दस्तावेजों का उपयोग कर 60×60 फुट के प्लॉट की रजिस्ट्री कराई थी। इस फर्जीवाड़े में रजिस्ट्री के दौरान गवाह बने कुछ लोगों की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश जारी है। पुलिस ने जल्द ही सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी आर.के. मिश्रा ने जानकारी दी कि फरियादी भावना मिश्रा ने शिकायत दर्ज कराई थी। उनकी शिकायत के अनुसार, उनके 60×60 फुट के प्लॉट की फर्जी तरीके से रजिस्ट्री की गई थी।
शिकायत की जांच में मामला सही पाए जाने के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस फिलहाल इस पूरे फर्जी रजिस्ट्री नेटवर्क की गहन जांच में जुटी है।