Last Updated:
भोपाल के शाहजहानाबाद इलाके में बदमाशों की हिंसा में 6 साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई. सड़क पर तलवार और डंडों से हमला कर रहे युवकों के बीच बच्ची चपेट में आ गई. घटना CCTV में कैद हुई है. परिवार ने जानबूझकर हमले का आरोप लगाया है. पुलिस जांच में जुटी है लेकिन अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है.
भोपाल में बेखौफ गुंडों से आम जनता त्रस्त है.
शिवकांत आचार्य
भोपाल. राजधानी के शाहजहानाबाद इलाके में देर रात सड़क पर खुलेआम हथियार लहराते बदमाशों के बीच हुई हिंसा में एक 6 साल की मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई. बच्ची के सिर पर तलवार जैसी धारदार चीज से वार हुआ, जिससे वह अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही है. भोपाल में बेखौफ अपराधी अब सीधे आम नागरिकों की जिंदगी पर खतरा बनते जा रहे हैं. हालिया घटना ने शहर की कानून व्यवस्था पर फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. इससे पहले गैंगवार की घटना सामने आई थी जिसमें बदमाशों ने पहले घर और फिर सरकारी अस्पताल में फायरिंग की थी. वहीं कोलार रोड पर भी गुंडों ने खुलेआम हथियार लहरा कर प्रशासन को चुनौती दे दी थी.
यह मामला सिर्फ एक आपराधिक घटना नहीं बल्कि राजधानी में बढ़ते हथियारबंद अपराधों का संकेत है. जिस तरह से बदमाशों ने भीड़भाड़ वाले इलाके में खुलेआम तलवारें और डंडे चलाए, उससे साफ है कि अपराधियों में पुलिस का डर कम होता जा रहा है. CCTV फुटेज में कैद इस वारदात ने लोगों में दहशत पैदा कर दी है. आमजन में गुस्सा है और वे सवाल कर रहे हैं कि आखिर कब तक राजधानी में इस तरह का आतंक जारी रहेगा.
नूर महल रोड पर बदमाशों का कहर
बुधवार रात करीब 11:45 बजे नूर महल रोड पर यह घटना हुई. फैजान अहमद अपने परिवार के साथ घर लौट रहे थे. इसी दौरान एक संकरी गली में कई युवक आपस में झगड़ रहे थे. विवाद बढ़ते ही बदमाशों ने तलवार, लाठी और डंडे निकाल लिए. परिवार बचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन एक वार उनकी 6 साल की बेटी मिराल के सिर पर लग गया.
CCTV में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम
घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है. फुटेज में साफ दिख रहा है कि बदमाश हथियार लेकर सड़कों पर दौड़ रहे हैं. वे एक-दूसरे पर हमला कर रहे थे और इसी दौरान मासूम बच्ची उनकी चपेट में आ गई. यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
परिवार का आरोप, पुलिस पर सवाल
बच्ची के पिता का कहना है कि यह हादसा नहीं बल्कि सीधा हमला है. उन्होंने बताया कि बच्ची के सिर से काफी खून बह रहा था. वहीं पुलिस का कहना है कि चोट गिरने से भी हो सकती है. इस बयान के बाद परिवार और स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई है. 24 घंटे बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होना पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े करता है. भोपाल पुलिस की कार्यशैली पर लोगों से सवाल उठाए हैं. यहां पुलिस आम जनता की सुनवाई नहीं करती है. लोगों ने कहा कि ऐशबाग थाने में रिश्वत लेते हुए टीआई पकड़ाए थे और पूरा थाना सस्पेंड हुआ था.
बच्ची की हालत गंभीर
मिराल को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों के अनुसार सिर पर गहरी चोट आई है. बच्ची की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है. परिवार लगातार उसके बेहतर इलाज और न्याय की मांग कर रहा है. पिछले कुछ महीनों में भोपाल में चाकू, तलवार और पिस्टल से जुड़े मामलों में तेजी आई है. छोटी-छोटी बातों पर युवक हिंसा पर उतर आते हैं.
| तारीख | स्थान | घटना |
|---|---|---|
| हाल ही में | शाहजहानाबाद | मासूम बच्ची को तलवार से चोट |
| पिछला सप्ताह | कोहेफिजा | युवक पर चाकू से हमला |
| कुछ दिन पहले | एमपी नगर | पिस्टल लहराकर धमकी |
| हालिया मामला | टीटी नगर | गैंग फाइट में तलवारबाजी |
पुलिस की कार्रवाई और चुनौतियां
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दो टीमें जांच में लगी हैं. अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. लेकिन जिस तरह से घटनाएं बढ़ रही हैं, उससे साफ है कि केवल कार्रवाई नहीं बल्कि सख्त रोकथाम की जरूरत है. इस घटना के बाद लोगों में डर का माहौल है. रात में बाहर निकलने से लोग बच रहे हैं. अभिभावकों में खासतौर पर चिंता बढ़ गई है. लोगों का कहना है कि अगर राजधानी में भी सुरक्षा नहीं है तो हालात बेहद चिंताजनक हैं.
About the Author
सुमित वर्मा, News18 में 4 सालों से एसोसिएट एडीटर पद पर कार्यरत हैं. बीते 3 दशकों से सक्रिय पत्रकारिता में अपनी अलग पहचान रखते हैं. देश के नामचीन मीडिया संस्थानों में सजग जिम्मेदार पदों पर काम करने का अनुभव. प…और पढ़ें