MP News in Hindi: अगर आप मध्य प्रदेश की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो एमपी की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट देंगे. इसके अलावा राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश में क्या-क्या है खास. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…
सरकारी नौकरी में बड़ा बदलाव! खत्म होगी 2 बच्चों की शर्त, कर्मचारियों को मिलेगा 20 लाख तक फ्री इलाज
भोपाल से बड़ी खबर सामने आ रही है. मध्य प्रदेश सरकार अब सरकारी नौकरी में लागू 2 बच्चों की शर्त को खत्म करने की तैयारी में है. इसके लिए प्रस्ताव तैयार हो चुका है और शासन स्तर पर इसे मंजूरी भी मिल चुकी है. अब इसे जल्द ही कैबिनेट में पेश किया जाएगा. यह बदलाव मध्य प्रदेश सिविल सेवा नियम 2001 में संशोधन के जरिए किया जाएगा, जिसमें पहले 2 से अधिक बच्चों पर पाबंदी लागू थी. इसके साथ ही सरकारी कर्मचारियों के लिए एक और बड़ी राहत की तैयारी है. सरकार 20 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा देने का प्रस्ताव भी कैबिनेट में लाने जा रही है. यह प्रस्ताव सामान्य प्रशासन विभाग ने 2025 में तैयार किया था. अगर ये दोनों प्रस्ताव पास होते हैं, तो कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलेगी और सरकारी नौकरी के नियमों में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा.
सीएम मोहन यादव का ताबड़तोड़ दौरा: दिल्ली से सतना और फिर चित्रकूट में रामनवमी कार्यक्रमों में होंगे शामिल
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज दिल्ली, रीवा और चित्रकूट के दौरे पर रहेंगे. वे दिल्ली में एक स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होने के बाद शाम 5:00 बजे सतना पहुंचेंगे, जहां आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे. इसके बाद रात 8:00 बजे चित्रकूट में रामनवमी के अवसर पर आयोजित गौरव दिवस कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे. इस दौरान धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में उनकी उपस्थिति खास मानी जा रही है.
ग्वालियर में भीषण हादसा: कार-ऑटो टक्कर में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, 4 घायल
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में बड़ा सड़क हादसा सामने आया है. थाटीपुर थाना क्षेत्र के परशुराम चौराहा के पास कार और ऑटो की जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें दो परिवारों के 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मरने वालों में इंद्रजीत शाक्य (55), उनकी पत्नी लीला शाक्य (52), शुभम शाक्य (30), उनकी पत्नी शगुन शाक्य (25) और सास प्रीति कश्यप (60) शामिल हैं. हादसे में 3 मासूम बच्च प्रियांश (5), आरव (6) और प्रीति (20) सहित एक अन्य ऑटो सवार घायल हुआ है. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है.
रामनवमी पर भव्य आयोजन: प्रदेशभर में श्रीराम केंद्रित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम
भोपाल में रामनवमी के अवसर पर आज राज्य सरकार प्राकट्य पर्व का आयोजन कर रही है. इस मौके पर प्रदेश के 7 स्थानों पर भगवान श्रीराम पर आधारित नृत्य-नाटिकाएं प्रस्तुत की जाएंगी. राम राजा मंदिर ओरछा में विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा, जहां भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी. इसके साथ ही भरत घाट चित्रकूट और श्रीराम जानकी मंदिर शहडोल में भी खास आयोजन रखे गए हैं. इन कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों को भारतीय सांस्कृतिक विरासत और भगवान श्रीराम के जीवन से जोड़ना है.