सीएम डॉ मोहन यादव रविवार को इंदौर में रहेंगे। सीएम दशहरा मैदान पर आयोजित नर्मदा के चौथे चरण के कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इस कार्यक्रम की तैयारी को लेकर शुक्रवार को भाजपा कार्यालय पर देर शाम बैठक हुई। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों के साथ ही अधिकारियों के रवैए को लेकर चर्चा हुई। बीजेपी सूत्रों ने बताया कि इस बैठक में यह तय हुआ है कि जो अधिकारी जनप्रतिनिधियों को गंभीरता से नहीं लेते हैं, उनके बारे में रविवार को कार्यक्रम में सीएम से शिकायत की जाएगी। इंदौर में बीजेपी कार्यालय पर गुरुवार को भी बैठक हुई थी, इस बैठक में भी यह मुद्दा उठा था। वहीं बीजेपी नेता इससे पहले भी अधिकारियों के रवैये को लेकर नाराजगी जता चुके हैं। गुरुवार को हुई बैठक में जनप्रतिनिधियों ने शिकायत की थी कि अधिकारी उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लेते हैं। बैठक में यह बात भी सामने आई थी कि अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का कार्यक्रम तय करने से पहले जनप्रतिनिधियों से चर्चा करना तक जरूरी नहीं समझा। ऐसा ही रवैया जनप्रतिनिधियों के सुझाव को लेकर भी रहता है। उनके सुझाव को गंभीरता से लेने के बजाय हवा में उड़ा दिया जाता है। सभी जनप्रतिनिधि बोले कि यह रवैया रहा तो शहर का विकास और काम प्रभावित होगा। इससे बीजेपी सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ती है। इसलिए जरुरी है कि इन बातों को सीएम के सामने रखा जाए और उन्हें बताया जाए कि अधिकारियों के रवैए से किस तरह से शहर का विकास प्रभावित हो रहा है। विधायको की ज्यादा शिकायत बीजेपी सूत्रों ने बताया कि इस बैठक में इंदौर-5 के विधायक महेंद्र हार्डिया ने कहा कि अधिकारी बिल्कुल नहीं सुन रहे हैं। विधायक निधि से स्वीकृत काम भी नहीं हो रहे हैं। राऊ विधायक मधु वर्मा ने कहा कि विकास के काम प्रभावित हो रहे हैं। यदि हम इंदौर नगर निगम में किसी अधिकारी को चालानी कार्रवाई से रोकते हैं तो भी वे सुनते नहीं हैं। इंदौर 3 के विधायक गोलू शुक्ला भी बोले कि कोई सुनवाई नहीं हो रही है। सब अपने स्तर पर कर रहे अधिकारी बीजेपी की बैठक में इंदौर बीजेपी नगराध्यक्ष सुमित मिश्रा ने कहा कि सीएम का कार्यक्रम अधिकारियों ने 29 मार्च को दशहरा मैदान पर तय कर लिया और इस संबंध में किसी से कोई बात नहीं की। सब उन्होंने अपने स्तर पर तय किया है। बैठक में सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव समेत कई नेता मौजूद थे। सभी ने मिलकर ये तय किया कि इस मामले पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से बात करेंगे। हर महीने होगी समीक्षा बैठक बैठक में यह भी तय हुआ कि शहर के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक अब हर माह रेसीडेंसी में होगी। इसमें संभागायुक्त, कलेक्टर, निगम कमिश्नर, आईडीए सहित अन्य अफसरों के साथ सांसद, सभी विधायक, मंत्री व महापौर भी शामिल होंगे। संगठन के भी चुनिंदा पदाधिकारी रहेंगे। इसमें सभी विभागों को ब्रिज, नर्मदा परियोजना, सड़कें, स्ट्रीट लाइट, कुत्तों की समस्या, ट्रैफिक व अन्य बिंदुओं पर रिपोर्ट रखना होगी।
Source link