नई दिल्ली. आईपीएल 2026 का आगाज सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुए मुकाबले से हुआ. इस मुकाबले में ईशान किशन सनराइजर्स हैदराबाद के लिए बतौर कप्तान मैदान पर उतरे. जैसे ही ईशान किशन टॉस के लिए मैदान पर आए, उन्होंने इतिहास रच दिया. दरअसल, ईशान सनराइजर्स हैदराबाद के लिए कप्तानी करने वाले पहले भारतीय क्रिकेटर बन गए हैं. इसके अलावा ईशान किशन ने इस टीम के दूसरे सबसे युवा कप्तान का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया. ईशान किशन टीम के लिए कार्यवाहक कप्तान की भूमिका निभा रहे हैं, क्योंकि नियमित कप्तान पैट कमिंस खेलने के लिए उपलब्ध नहीं हैं.
SRH के दूसरे सबसे युवा कप्तान बने ईशान
सनराइजर्स टीम के लिए सबसे कम उम्र में कप्तानी करने का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के केन विलियमसन के नाम दर्ज है. विलियमसन ने 2018 में 27 साल और 244 दिन की उम्र में सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी की थी. वहीं, ईशान किशन टीम के दूसरे सबसे युवा कप्तान बन चुके हैं. ईशान किशन की उम्र 27 साल और 253 दिन है.
सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी करने वाले पहले भारतीय बने ईशान किशन.
ईशान किशन उन चुनिंदा भारतीय क्रिकेटरों के क्लब में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने U19 वर्ल्ड कप और IPL टीम दोनों की कप्तानी की है. यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले खिलाड़ी विराट कोहली थे, जिन्होंने 2008 के U19 वर्ल्ड कप में भारत की अगुवाई की थी और 2011 से 2023 तक रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की कप्तानी की थी. पार्थिव पटेल इस मुकाम को हासिल करने वाले दूसरे भारतीय हैं.
आरसीबी ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी
आईपीएल 2026 के इस पहले मुकाबले में आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है. रजत ने टॉस जीतने के बाद कहा, ‘हम पहले गेंदबाजी करेंगे. टीम में कई बेहतरीन खिलाड़ी हैं. सभी पूरी तरह फिट हैं और इस मैच का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. हम अपनी जर्सी पर दूसरा सितारा लगाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करेंगे.’ वहीं, ईशान किशन ने कहा कि टॉस जीतने या हारने से कोई फर्क नहीं पड़ता है. उन्होंने कहा, ‘विकेट एकदम ताजा लग रहा है, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप पहले बैटिंग करते हैं या बॉलिंग. आपको कुछ नया करने की जरूरत नहीं है. हमें बस अपनी योजनाओं को ठीक से लागू करना है. हर कोई अच्छी लय में दिख रहा है.’
आरसीबी की प्लेइंग इलेवन: विराट कोहली, फिल साल्ट, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, अभिनंदन सिंह, जैकब डफी, सुयश शर्मा.
सनराइजर्स हैदराबाद की प्लेइंग इलेवन: अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन (विकेटकीपर/कप्तान), हेनरिक क्लासेन, अनिकेत वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, सलिल अरोड़ा, हर्ष दुबे, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट, ईशान मलिंगा.