Last Updated:
गर्मी से बढ़ते तापमान के कारण लोगों को कई तरह की परेशानी का सामना करना पड़ता है, ऐसे में कई लोग मुंह पर कपड़ा बांधकर घर से बाहर निकलते हैं. लेकिन क्या ऐसा करना सही है. गर्मी में मुंह पर कपड़ा बांधने के कई फायदे हैं, तो कई नुकसान भी हैं. गर्मी में हमेशा ही सूती और हल्के रंग के कपड़ों का इस्तेमाल करना चाहिए.
गर्मी के बढ़ते तापमान में आप न जाने कितने उपाय करके स्कूल, कॉलेज या ऑफिस जा रहे होंगे. कोई सनस्क्रीन का इस्तेमाल करता है, तो कोई छाता लेकर बाहर निकलता है. उन्हीं में से एक तरीका है रूमाल, गमछा या स्कार्फ से मुंह ढकने का. आपने राह चलते न जाने कितने लोग देखे होंगे, जिन्होंने किसी न किसी कपड़े से अपने फेस को ढका होगा या आप ने भी इस तरीके को अपनाया होता. लेकिन क्या इससे धूप या टैनिंग से बचा जा सकता है? गर्मी का तापमान आए दिन बढ़ रहा है, ऐसे में मुंह पर कपड़ा बांधना कितना सही है? क्या ये फायदेमंद है या फिर इसके नुकसान भी हैं. आइए जानते हैं.
रीवा सुपर स्पेशलिस्टी हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉक्टर अक्षय श्रीवास्तव कहते हैं कि गर्मियों के दिनों में पुरुष और महिलाएं दोनों ही अपने चेहरे पर कपड़ा बांधकर बाहर निकलते हैं, ताकि टैनिंग से बचा जा सके. लेकिन एक कपड़ा बांधने से आपकी स्किन टैन नहीं होगी या फिर धूप और धूल-मिट्टी आपकी त्वचा तक नहीं पहुंच पाएगी. मुंह पर सिर्फ कपड़ा बांधना, गर्मी में स्वास्थ्य से जुड़ी कई समस्याओं को पैदा कर सकता है.
मुंह पर कपड़ा बांधने से हो सकती हैं कई परेशानियां
अक्सर ऐसा देखा जाता है कि कई लोग एक ही कपड़े को हफ्तेभर मुंह में बांधकर घूमते हैं. ऐसे में इतने दिनों की जमी गंदगी आपके चेहरे को कई तरह से नुकसान पहुंचा सकती है, जिससे एक्ने, पिम्पल्स, तेलीय त्वचा, चेहरा फीका पड़ने और कई तरह की स्किन एलर्जी हो सकती है और धूप का असर भी होने लगता है.
धूप से बचने के लिए लड़कियां बांधती करती हैं स्कार्फ का इस्तेमाल
धूप से बचने के लिए कई लड़कियां स्कार्फ का इस्तेमाल करती हैं और फिर बाद में उस कपड़े को बैग में डाल देती हैं. इससे स्कार्फ पर लगा आपका पसीना सूखता नहीं है, जिसमें फंगस लग सकती हैं और जब आप फिर से इसका इस्तेमाल करते हैं, तो ये आपकी स्किन में भी प्रवेश कर सकता है, जो स्किन के साथ-साथ बालों से जुड़ी कई तरह की दिक्कतों का कारण बनता है.
सबसे पहले तो धूप में जाने से पहले किसी अच्छी सनस्क्रीन का इस्तेमाल करें, जो आपकी स्किन को टैनिंग से बचाएगी. इसके अलावा जब भी आप घर से बाहर निकलें तो बैग में छाता लेकर निकलें, ताकी आपकी त्वचा डायरेक्ट धूप के संपर्क में आने से बचे.
गर्मी में कॉटन और हल्के रंग के कपड़ों का करें इस्तेमाल
अगर आप गर्मी और धूप से खुद को बचाना चाहते हैं तो सबसे पहले सूती कपड़ों को अपने वार्डरोब में शामिल करें. अगर आप फिर भी चेहरे पर कपड़ा बांधते है या बांधना चाहती हैं. तो उसके लिए भी कॉटन के कपड़े का इस्तेमाल करें, क्योंकि बाकी कपड़े गर्मी बढ़ाते हैं. इसके अलावा गर्मी में हल्के रंग वाले कपड़े भी पहनें. स्कार्फ और गमछा भी हल्के रंग वाले ही इस्तेमाल करें. धूप के चश्मे और टोपी का भी इस्तेमाल करें. काले और गाढे रंग का इस्तेमाल करने से बचें.