खेत की मेड़ पर लगा दें ये दमदार फसल, सूखे फलों से भी होगी कमाई! बिना खर्च कमाएं 2 लाख

खेत की मेड़ पर लगा दें ये दमदार फसल, सूखे फलों से भी होगी कमाई! बिना खर्च कमाएं 2 लाख


Desi Ber ki Kheti ke Tips: भारत को यूं ही कृषि प्रधान देश नहीं कहा जाता, लेकिन आजकल आधुनिक खेती के चक्कर में किसान अपनी पुरानी परंपराओं को भूलते जा रहे हैं. पहले खेत की मेड़ों पर पेड़-पौधे लगाए जाते थे, जो न सिर्फ पर्यावरण के लिए अच्छे थे बल्कि किसानों की आमदनी भी बढ़ाते थे. अगर इन्हें सही तरीके से अपनाया जाए तो बिना अतिरिक्त लागत के ये सह-फसल बनकर शानदार कमाई दे सकते हैं.

देसी बेर है दमदार फसल
कुछ साल पहले तक देसी बेर हर खेत की मेड़ पर नजर आता था, लेकिन अब किसानों ने ज्यादा जमीन के लालच में इन पेड़ों को हटा दिया. इसका असर यह हुआ कि खेतों में आने वाले पक्षी भी कम हो गए और कीटों को खत्म करने के लिए रासायनिक दवाओं पर निर्भरता बढ़ गई, जो मिट्टी और सेहत दोनों के लिए नुकसानदायक है.

आज भी बाजार में जबरदस्त डिमांड
ग्रामीण इलाकों में आज भी देसी बेर के पेड़ देखने को मिल जाते हैं. बसंत ऋतु में जब इन पर फल आता है, तो हर कोई इन्हें खाने के लिए उत्साहित रहता है. जिनके पास पेड़ नहीं होते, वे बाजार से खरीदते हैं. अब कई किसान इन फलों को बेचकर अच्छी कमाई भी कर रहे हैं.

ताजा ही नहीं, सूखे बेर से भी कमाई
देसी बेर को सिर्फ ताजा बेचने तक सीमित नहीं रखा गया है. कई किसान इसे सुखाकर रखते हैं, कुछ इसका चूरन या अमचूर बनाकर बेचते हैं. खास बात यह है कि सूखे बेर या अमचूर की कीमत ताजे फलों से भी ज्यादा मिलती है, और बड़े शहरों में इसकी अच्छी खासी डिमांड है.

सागर के किसान की सफलता की कहानी
सागर के किसान आकाश चौरसिया बताते हैं कि उन्होंने अपने खेत की मेड़ों पर 50 से ज्यादा बेर के पेड़ लगाए हैं. इन पेड़ों में ना तो पानी देना पड़ता है और ना ही खाद. ये खुद ही मिट्टी से पोषण ले लेते हैं. बस फल तोड़कर बाजार ले जाना होता है. वे बताते हैं कि वे बेर को सुखाकर अमचूर भी बनाते हैं, जो करीब ₹200 किलो तक बिक जाता है. इतना ही नहीं, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र से लोग उनके यहां से सीधे बेर खरीदने भी आते हैं.

50 पेड़ से 2 लाख की कमाई तय
अगर एक पेड़ से औसतन 200 किलो फल मिलता है और बाजार में 20 रुपये किलो का भाव मिलता है, तो एक पेड़ से करीब 4000 रुपये की कमाई होती है. ऐसे में 50 पेड़ से आसानी से 2 लाख रुपये तक कमाए जा सकते हैं वो भी बिना ज्यादा खर्च के.

खेती के साथ पर्यावरण को भी फायदा
खेत की मेड़ों पर बेर के पेड़ लगाने से सिर्फ कमाई ही नहीं होती, बल्कि फसल की सुरक्षा भी बढ़ती है. ये पेड़ तापमान को संतुलित रखते हैं और पक्षियों को आश्रय देते हैं, जो कीट नियंत्रण और परागण में मदद करते हैं.



Source link