बालाघाट जिले के रूपझर थाना क्षेत्र के जंगल में पशु चिकित्सा विभाग के एक सेवानिवृत्त कर्मचारी का शव फांसी पर लटका मिला है। मृतक की पहचान 62 वर्षीय कैलाश पिता धूपसिंह टेकाम के रूप में हुई है, जो पिछले चार दिनों से अपने घर से लापता थे। पुलिस को जंगल में पेड़ पर शव लटके होने की सूचना मिली थी। शव खराब हो चुका था। रूपझर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव बरामद किया। शनिवार को परिजनों की मौजूदगी में शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। कैलाश टेकाम पशु चिकित्सा में लेखापाल के पद से सेवानिवृत्त हुए थे और वर्तमान में बैहर के वार्ड क्रमांक 14 में रहते थे। वह चार दिन पहले बिना बताए घर से निकल गए थे। परिजनों ने उनकी तलाश रिश्तेदारों और परिचितों के यहां की थी, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला था। रूपझर पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही कैलाश टेकाम की मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल, उनके फांसी लगाने की वजह अज्ञात है।
Source link