भोपाल का मौसम. मध्यप्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बिगड़ने वाला है. प्रदेश में 29 मार्च से आंधी और बारिश का एक नया सिस्टम सक्रिय हो रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक इस सिस्टम का असर अगले 3 दिनों तक रहेगा. जिससे भोपाल, इंदौर और उज्जैन समेत प्रदेश के करीब 40 जिलों में झमाझम बारिश और तेज आंधी की संभावना जताई गई है.
मौसम विभाग के मुताबिक आज शनिवार को प्रदेश में भीषण गर्मी रहने वाली है. जबकि शुक्रवार को नर्मदापुरम में पारा 41.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जहां लू जैसे हालात देखे गए. हालांकि 29 मार्च से कुछ जिलों में बूंदाबांदी से शुरुआत होगी. जिसके चलते 30-31 मार्च को सिस्टम का सबसे ज्यादा असर रहेगा. जिसके चलते 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और इसका असर भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, चंबल और सागर संभाग के जिले में दिखाई देगा.
पिछले 24 घंटे में इस तरह रहा मौसम, चित्रकूट में बारिश!
प्रदेश में पिछले 24 घंटे में सतना के चित्रकूट में तेज आंधी के साथ हुई जोरदार बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया. यहां रामनवमी के अवसर पर 21 लाख दीप जलाए जाने थे, लेकिन अचानक हुई और बारिश ने दीपों में पानी भर दिया. मौसम के बदले मिजाज ने पूरे आयोजन पर पानी फेर दिया और आनन-फानन में मंच को तिरपाल से ढकना पड़ा. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन की वजह से प्रदेश में नमी आ रही है. शुक्रवार को भी ग्वालियर, चंबल, रीवा और सागर संभाग के 20 से ज्यादा जिलों में बादल छाए रहे. शनिवार को पुराना सिस्टम कमजोर होकर आगे बढ़ेगा, जिससे आज दिन में गर्मी बढ़ेगी. लेकिन रविवार से नया सिस्टम फिर से सक्रिय हो जाएगा.
अगले 3 दिन इस तरह रहेगा मौसम
28 मार्च: इस दिन प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बादल छाने का अनुमान है. कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हो सकती है. वहीं, भोपाल, इंदौर-उज्जैन समेत कई जिलों में तेज गर्मी रहेगी.
29 मार्च: उत्तरी हिस्से में बारिश का अलर्ट रहेगा. जिसके चलते ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, नीमच और मंदसौर जैसे जिले प्रभावित रहेंगे.
30 मार्च: भोपाल, ग्वालियर, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, रतलाम, आगर-मालवा, राजगढ़, शाजापुर, गुना, अशोकनगर, विदिशा, सागर, निवाड़ी, छतरपुर, दमोह, पन्ना, कटनी, रीवा, सतना, मैहर, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शिवपुरी, श्योपुर, मुरैना, भिंड और दतिया में बारिश होने की संभावना हैं.
31 मार्च: भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, राजगढ़, विदिशा, सीहोर, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, बैतूल, नर्मदापुरम, रायसेन, सागर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, बालाघाट, सिवनी, दमोह, कटनी, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली जिलों में पानी गिरने के आसार बनेंगे.
इस तरह रहा बड़े शहरों अधिकतम तापमान
भोपाल में 37.0°C
इंदौर में 37.0°C
जबलपुर में 38.4°C
ग्वालियर में 36.1°C
उज्जैन में 37.0°C
बड़े शहरों का न्यूनतम तापमान
भोपाल में 19.8°C
इंदौर में 19.0°C
जबलपुर में 21.5°C
ग्वालियर में 21.5°C
उज्जैन में 18.5°C