दमोह की तेंदूखेड़ा पुलिस ने जनपद कार्यालय में पदस्थ कंप्यूटर ऑपरेटर के घर हुई चोरी का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात भी बरामद किए गए हैं। सूने मकान में चोरों ने की थी चोरी तेंदूखेड़ा टीआई रविंद्र बागरी ने बताया कि जनपद कार्यालय में पदस्थ कंप्यूटर ऑपरेटर अभिषेक उपाध्याय ने अपने घर में हुई चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि वह 19 से 22 मार्च तक छुट्टियों में दमोह स्थित अपने घर गए थे। सोने-चांदी के जेवर और नगदी हुई थी गायब 23 मार्च को जब अभिषेक उपाध्याय वापस लौटे, तो उनके घर के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। घर की तलाशी लेने पर गोदरेज में रखे सोने-चांदी के जेवर और नगद रुपए गायब मिले। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी के निर्देशन में एक टीम गठित की गई, जिसने आरोपी की तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान, पुलिस को जेल से छूटे रामकुमार उर्फ कुल्ला रैकवार निवासी वार्ड क्रमांक नौ पर संदेह हुआ। आरोपी की निशानदेही पर चोरी का समान मिला रामकुमार को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया, जहां उसने चोरी की घटना कबूल कर ली। शनिवार को आरोपी की निशानदेही पर सोने का एक रानीहार, दो चेन वाले मंगलसूत्र, पांच जोड़ी कान के टॉप्स, एक जोड़ी झुमका, चार अंगूठी और चांदी की पांच जोड़ी पायलें बरामद की गईं। बरामद जेवरात की कीमत करीब छह लाख रुपये बताई जा रही है।
Source link