योग शिक्षा विभाग के विद्यार्थियों का धरना पांचवें दिन भी जारी – Sagar News

योग शिक्षा विभाग के विद्यार्थियों का धरना पांचवें दिन भी जारी – Sagar News




सागर | स्वर्ण जयंती सभागार के सामने योग शिक्षा विभाग के विद्यार्थियों की क्रमिक भूख हड़ताल शुक्रवार को पांचवें दिन भी जारी रही। विद्यार्थियों का कहना है कि विभाग को जर्जर भवन में स्थानांतरित किए जाने के निर्णय के विरोध में वे धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन के रुख से उनमें असंतोष बढ़ रहा है। आंदोलनकारियों ने बताया कि वे संयम बनाए रखने के लिए आध्यात्मिक परंपरा के तहत सद्बुद्धि यज्ञ के बाद हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे हैं और विभाग की अस्मिता बचाए रखने की मांग पर डटे हैं। इसी क्रम में विद्यार्थियों ने सागर लोकसभा क्षेत्र की सांसद लता वानखेड़े से मुलाकात कर पूर्व में सौंपे गए ज्ञापन की याद दिलाई और आंदोलन की चरणबद्ध रूपरेखा से अवगत कराया। सांसद ने बताया कि उन्होंने पहले भी कुलपति से चर्चा कर विभाग के हित में आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया था। इसके बावजूद विभाग खाली करने के आदेश जारी होने और भूख हड़ताल की जानकारी मिलने पर उन्होंने खेद जताते हुए कहा कि अब इस मुद्दे पर उच्च अधिकारियों और मंत्रालय स्तर पर चर्चा कर कार्रवाई का प्रयास किया जाएगा। प्रदर्शन स्थल पर प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्यों ने पहुंचकर विद्यार्थियों से समस्याओं पर बातचीत की और उनके स्वास्थ्य व हालचाल की जानकारी ली। विद्यार्थियों ने शिक्षकों के संगठन से भी सहयोग की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। भूख हड़ताल को पूर्व छात्रों का समर्थन भी मिला।



Source link