रतलाम में 17 वर्षीय लड़का-लड़की की संदिग्ध मौत: एक ही मोहल्ले के दोनों को उल्टी के बाद अस्पताल में भर्ती कराया, इलाज के दौरान तोड़ा दम – Ratlam News

रतलाम में 17 वर्षीय लड़का-लड़की की संदिग्ध मौत:  एक ही मोहल्ले के दोनों को उल्टी के बाद अस्पताल में भर्ती कराया, इलाज के दौरान तोड़ा दम – Ratlam News




रतलाम जिले के नामली थाना क्षेत्र के उसगार गांव में एक ही मोहल्ले के रहने वाले 17 वर्षीय लड़का और 17 वर्षीय लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दोनों को उल्टी होने के बाद परिजन मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान आधे-आधे घंटे में दोनों की मौत हो गई। मामले को लेकर पुलिस जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम करीब 7 बजे लड़की को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां एक बॉटल चढ़ाने के दौरान ही उसकी मौत हो गई। वहीं, रात करीब 10 बजे लड़के को भी परिजन मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज शुरू होने के करीब आधे घंटे बाद उसकी भी मौत हो गई। प्रेम प्रसंग की चर्चा, परिजन कर रहे इनकार मामले में प्रेम-प्रसंग की बात सामने आ रही है, हालांकि दोनों के परिजन इससे साफ इनकार कर रहे हैं और इस संबंध में कुछ भी कहने से बच रहे हैं। शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे दोनों का पोस्टमार्टम किया गया। नामली थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर परिजनों के बयान लिए और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। दोनों परिवारों ने उल्टी के बाद तबीयत बिगड़ने की बात कही है। पुलिस ने उम्र संबंधी दस्तावेज भी मांगे हैं। मेडिकल कॉलेज पुलिस चौकी से सूचना मिलने के बाद नामली थाना पुलिस जांच में जुटी। एफएसएल अधिकारी अतुल मित्तल और एसडीओपी किशोर पाटनवाला ने भी मौके पर पहुंचकर दोनों के घरों का निरीक्षण किया। परिवारों के बयान: अचानक बिगड़ी तबीयत लड़की के पिता ने बताया कि वे पत्नी के साथ खेत पर थे, तभी घर से फोन आया कि बेटी को उल्टी हो रही है और घबराहट है। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
वहीं, लड़के के बड़े भाई ने बताया कि वह काम पर गया था। घर से सूचना मिली कि भाई की तबीयत खराब है। परिजन उसे रात में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी मौत हो गई। मृतक मजदूरी करता था और उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। पीएम रिपोर्ट से होगा खुलासा दोनों के घर पास-पास होने के कारण पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच कर रही है। घरों से कोई जहरीला पदार्थ नहीं मिला है। पुलिस के अनुसार दोनों ने संभवतः कोई अज्ञात पदार्थ खाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।



Source link