नीमच सिटी थाना क्षेत्र में बुधवार को मालखेड़ा फंटे और भेरू घाटी के बीच लूट और हमले की घटना सामने आई थी। इस मामले में पुलिस ने 48 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया है। पुलिस ने उसके पास से लूटी गई 3 लाख 18 हजार रुपये की पूरी रकम भी बरामद कर ली है। पुराने साथी ने ही रची लूट की साजिश यह घटना तिरुपति ट्रेडर्स के कर्मचारी अकरम (28) के साथ हुई। अकरम पिछले 15 साल से दुकान पर काम कर रहा था। आरोपी राधेश्याम भील पहले उसी दुकान में काम करता था, इसलिए उसे अकरम के काम और उसके पास रहने वाली रकम की पूरी जानकारी थी। बहाने से बाइक पर बैठाकर ले गया पुलिस के मुताबिक, अकरम बुधवार को रतनगढ़-डीकेन इलाके से वसूली कर लौट रहा था। रास्ते में राधेश्याम मिला और नीमच छोड़ने के बहाने उसे अपनी बाइक पर बैठा लिया। इसके बाद वह उसे सुनसान जगह की ओर ले गया। चाकू और पत्थर से किया हमला मालखेड़ा रोड पर एक सुनसान प्लॉट के पास आरोपी ने बाइक रोकी और अचानक अकरम पर चाकू से हमला कर दिया। अकरम ने विरोध किया तो आरोपी ने पत्थर से उसके सिर पर वार किया। इसके बाद वह रुपयों से भरा बैग लेकर भाग गया। घायल का इलाज जारी गंभीर रूप से घायल अकरम को इलाज के लिए उदयपुर भेजा गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। एसपी अंकित जायसवाल के निर्देशन में सिटी थाना प्रभारी पुष्पा सिंह चौहान और साइबर टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी से रकम और बाइक जब्त पुलिस ने राधेश्याम उर्फ श्यामु (22), निवासी डूंगरपुर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 3 लाख 18 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की बाइक जब्त की गई है। पुलिस ने व्यापारी महेश सिंहल की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर उसे जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।
Source link