Last Updated:
Most runs in a match on the losing side in Test: टेस्ट क्रिकेट इतिहास में कई बार बल्लेबाजों ने व्यक्तिगत तौर पर अविश्वसनीय प्रदर्शन किया, लेकिन उनकी टीम को जीत नसीब नहीं हुई. ब्रायन लारा के कोलंबो में बनाए गए 351 रनों से लेकर, एंडी फ्लावर के 341 रन और भारत के महान विजय हजारे के एडिलेड टेस्ट में जड़े गए दो शतकों तक.ये ऐसी ऐतिहासिक पारियां हैं जो रिकॉर्ड बुक में तो अमर हो गईं. मगर मैच का परिणाम नहीं बदल सकीं. उन टॉप-6 बल्लेबाजों के बारे में आइए जानते हैं जिन्होंने हारने वाली टीम की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाए.
दुनिया के वो छह खिलाड़ी जिन्होंने एक टेस्ट मैच में बनाए सबसे ज्यादा रन, फिर भी टीम हारी.
नई दिल्ली. टेस्ट क्रिकेट को खेल का सबसे कठिन प्रारूप माना जाता है. यहां एक शतक बनाना भी किसी भी बल्लेबाज के लिए गर्व की बात होती है, लेकिन जरा सोचिए उस खिलाड़ी के दिल पर क्या गुजरती होगी जिसने एक ही मैच की दोनों पारियों में रनों का अंबार लगा दिया हो, इतिहास रच दिया हो, लेकिन अंत में उसकी टीम मैच हार जाए. क्रिकेट की शब्दावली में इसे ‘Tragic Hero’ (दुखांत नायक) कहा जाता है. टेस्ट इतिहास के उन टॉप-6 बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं जिन्होंने एक मैच में सबसे ज्यादा रन बनाए, लेकिन अपनी टीम को हार से नहीं बचा सके. वेस्टइंडीज के महानतम बल्लेबाजों में शुमार ब्रायन लारा के नाम इस लिस्ट में टॉप पर दर्ज है. साल 2001 में कोलंबो के एसएससी मैदान पर श्रीलंका के खिलाफ लारा ने बल्ले से तबाही मचा दी थी. उन्होंने पहली पारी में 221 रन और दूसरी पारी में 130 रन बनाए. एक ही टेस्ट में 351 रन बनाने के बावजूद वेस्टइंडीज यह मैच 10 विकेट से हार गया. मुथैया मुरलीधरन की जादुई फिरकी के सामने लारा अकेले लड़ते रहे, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से साथ नहीं मिला. लारा के पहली पारी में बनाए गया स्कोर अभी तक अटूट है.
एंडी फ्लावर ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच में 341 रन बनाए
जिम्बाब्वे क्रिकेट के सबसे बड़े नाम एंडी फ्लावर (Andy Flower) ने उसी साल (2001) दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हरारे में एक अविश्वसनीय पारी खेली थी. उन्होंने पहली पारी में 142 और दूसरी पारी में नाबाद 199 रन बनाए. पूरे मैच में 341 रन बनाने वाले फ्लावर अंत तक क्रीज पर डटे रहे, लेकिन दक्षिण अफ्रीका ने यह मैच 9 विकेट से जीत लिया. एंडी फ्लावर का यह प्रदर्शन टेस्ट इतिहास के सबसे जुझारू प्रदर्शनों में गिना जाता है.
दुनिया के वो छह खिलाड़ी जिन्होंने एक टेस्ट मैच में बनाए सबसे ज्यादा रन, फिर भी टीम हारी.
हर्बर्ट सटक्लिफ ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कुल 303 रन जुटाए
करीब 100 साल पहले, मेलबर्न के मैदान पर इंग्लैंड के हर्बर्ट सटक्लिफ ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऐतिहासिक बल्लेबाजी की थी। उन्होंने पहली पारी में 176 और दूसरी पारी में 127 रन जड़कर कुल 303 रनों का योगदान दिया. एशेज सीरीज के इस रोमांचक मुकाबले में सटक्लिफ के दो शतकों के बावजूद इंग्लैंड को 81 रनों से हार का सामना करना पड़ा था.
जेमी स्मिथ ने भारत के खिलाफ 272 रन जोड़े
इस लिस्ट में सबसे आधुनिक नाम इंग्लैंड के जेमी स्मिथ का है. जुलाई 2025 में बर्मिंघम (एजबेस्टन) के मैदान पर भारत के खिलाफ स्मिथ ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर खबर ली थी. उन्होंने पहली पारी में नाबाद 184 रन और दूसरी पारी में 88 रन बनाए. मैच में कुल 272 रन बनाने के बाद भी टीम इंडिया ने इस मुकाबले को अपने नाम कर लिया. स्मिथ की यह पारी दिखाती है कि भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के सामने बड़े से बड़ा स्कोर भी कभी-कभी छोटा पड़ जाता है.
क्लाइड वाल्कोट ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दोनों पारियों की मिलाकर 265 रन बनाए
वेस्टइंडीज के दिग्गज क्लाइड वाल्कोट ने 1955 में किंगस्टन टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दोनों पारियों में शतक जड़े थे. उन्होंने पहली पारी में 155 और दूसरी पारी में 110 रन (कुल 265 रन) बनाए. किंगस्टन की उछाल भरी पिच पर वाल्कोट ने कंगारू गेंदबाजों का डटकर सामना किया, लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने यह मैच पारी और 82 रनों के बड़े अंतर से जीत लिया.
विजय हजारे दोनों पारियों में जड़े शतक
भारतीय क्रिकेट के पितामह कहे जाने वाले विजय हजारे इस सूची में शामिल एकमात्र भारतीय हैं. 1948 में एडिलेड के मैदान पर सर डॉन ब्रैडमैन की अजेय ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ हजारे ने इतिहास रचा था. उन्होंने पहली पारी में 116 और दूसरी पारी में 145 रन बनाए. एक ही टेस्ट की दोनों पारियों में शतक लगाने वाले वह पहले भारतीय बने. हालांकि, ऑस्ट्रेलिया ने यह मैच पारी और 16 रनों से जीता, लेकिन विजय हजारे की उस बहादुरी को आज भी याद किया जाता है.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें