नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 की शुरुआत हो चुकी है. टूर्नामेंट का पहला मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा. दोनों टीमें सइ मैच के लिए एम चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में उतरी है. मैच में आरसीबी ने टॉस जीतने के बाद सनराइजर्स को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया है. 19वें सीजन के अपने पहले मैच में आरसीबी की टीम काली पट्टी बांधकर मैदान में उतरी है. यह कदम पिछले साल टीम की ऐतिहासिक जीत के जश्न के दौरान मची भगदड़ में जान गंवाने वाले फैंस को श्रद्धांजलि देने के लिए उठाया गया है. मैच शुरू होने से पहले दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने दो मिनट क मौन रखा.
आरसीबी ने एक बयान में कहा कि वे अपने परिवार के उन 11 सदस्यों को याद कर रहे हैं जिन्होंने 4 जून की दुर्भाग्यपूर्ण घटना में अपनी जान गंवाई. सम्मान के तौर पर खिलाड़ी वार्म-अप के दौरान 11 नंबर वाली प्रैक्टिस जर्सी भी पहनी थी. इसके अलावा मैच में चिन्नास्वामी स्टेडियम में 11 सीटें खाली रखी गई है जो सभी मुकाबले में रहेगी. यह भगदड़ में जान गंवाने वाले फैंस की याद में एक स्मारक के रूप में रहेंगी.
आरसीबी के विक्ट्री परेड में क्या हुआ था?
पिछले साल आरसीबी की जीत के जश्न के दौरान स्टेडियम के बाहर मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हुए थे. इस दुखद घटना के कारण जून 2025 से चिन्नास्वामी स्टेडियम में क्रिकेट बंद कर दिया गया था. सुरक्षा कारणों से आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप और महाराजा ट्रॉफी जैसे बड़े टूर्नामेंटों को भी अचानक दूसरी जगह शिफ्ट करना पड़ा था. यहां तक कि इस साल के टी20 वर्ल्ड कप का कोई भी मैच इस स्टेडियम को नहीं मिला.
सरकार द्वारा नियुक्त विशेषज्ञ समिति की सिफारिश के बाद, कर्नाटक कैबिनेट ने फरवरी में यहां मैच आयोजित करने की मंजूरी दी थी. मार्च में कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ को गृह मंत्री जी.परमेश्वर से IPL 2026 के मैचों, प्लेऑफ और फाइनल की मेजबानी के लिए अनुमति मिल गई.
दोनों टीमों की प्लेइंग XI-
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु- विराट कोहली, फिलिप साल्ट, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, अभिनंदन सिंह, जैकब डफी, सुयश शर्मा.
सनराइजर्स हैदराबाद- अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, ईशान किशन (विकेटकीपर/कप्तान), हेनरिक क्लासेन, अनिकेत वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, सलिल अरोड़ा, हर्ष दुबे, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट, ईशान मलिंगा.